![]()
पलवल शहर के जटौला गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट और गोलीबारी के मामले में गदपुरी थाना पुलिस ने दोनों तरफ से शिकायतें दर्ज कर ली हैं। यह विवाद कार हटाने को लेकर शुरू हुआ था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गदपुरी थाना प्रभारी कुलदीप के अनुसार, गांव जटौला के पूर्व सरपंच गिर्राज ने अपनी शिकायत में बताया कि 13 मार्च की रात उनके बेटे सन्नी का फरीदाबाद कोर्ट से लौटते समय पृथला के अनिल तंवर की गली में खड़ी स्कार्पियो हटाने को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि अनिल तंवर ने सन्नी को गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और जाते समय गाड़ी पर ईंट-पत्थर फेंके। घर पर की ताबड़तोड़ फायरिंग अगले दिन, 14 मार्च की सुबह करीब आठ बजे, सुरेंद्र, अनिल तंवर, सुनील, सरदार, प्रमोद, मोनू, हरेंद्र, आजाद तंवर, मोहित, चिंटू, नरवीर, धीरज, देवी, मोहित, संजय और रोहित उर्फ बच्चा सहित अन्य 10-12 गाड़ियों में हथियारों के साथ जटौला गांव पहुंचे। उन्होंने गिर्राज के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। हमले में संजय को दो गोलियां लगी, जबकि गिर्राज पर फरसे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। दोनों का फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पंचायत के दौरान भी किया हमला वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से पृथला गांव की नीरज कुमारी पत्नी ईश्वर ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 13 मार्च की रात हुए विवाद को लेकर ग्रामीण 14 मार्च को पंचायत के लिए जटौला गांव गए थे। पंचायत के दौरान गिर्राज, संजय, सन्नी, सौरभ और राहुल सहित अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर में लगे छर्रे हमले में ईश्वर घायल हो गए और फायरिंग के दौरान उनके सिर में कई छर्रे लगे, उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस गदपुरी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मिली शिकायतों व मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मुकदमें दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद जो भी आरोपी होंगे, उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पलवल में दो पक्षों में मारपीट और फायरिंग:कार हटाने को लेकर विवाद; धमकी देकर गाड़ी पर फेंके पत्थर
Leave a comment