![]()
.
महिलाओं को वादा किए आर्थिक लाभ नहीं मिलने के विरोध में कांग्रेस ने सोमवार को अमृतसर में पूर्वी विधानसभा की विधायक जीवनजोत कौर के कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस के हलका पूर्वी इंचार्ज जसबीर गिल डिंपा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं और महिला कांग्रेस ने अमृतसर पूर्व की विधायक जीवनजोत कौर के कार्यालय के बाहर धरना देकर राज्य सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया।
धरने के दौरान जसबीर सिंह डिंपा ने आरोप लगाया कि सरकार ने महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का वादा किया था, लेकिन पिछले चार वर्षों से महिलाओं को मिलने वाली कुल 48,000 की राशि अब तक नहीं दी गई। उन्होंने मुख्यमंत्री से जवाब मांगते हुए कहा कि सरकार को तुरंत महिलाओं को उनका हक देना चाहिए। इस मौके पर डिंपा ने कहा कि सरकार ने चुनाव के समय महिलाओं से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन अब तक उन वादों को पूरा नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए जो सहायता राशि देने की घोषणा की गई थी, वह अब तक नहीं मिली, जिससे महिलाओं में भारी नाराजगी है। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार पर लोकतंत्र और संविधान की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया और कहा कि जनता से किए गए वादों को पूरा करना सरकार की जिम्मेदारी है।
प्रदर्शन में जिला शहरी कांग्रेस कमेटी के प्रधान सौरभ मदान मिट्ठू, महिला कांग्रेस की शहरी अध्यक्ष शिवानी शर्मा, कांग्रेस पार्टी के अन्य नेता और बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहीं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि महिलाओं को जल्द उनका बकाया पैसा नहीं दिया गया तो कांग्रेस पार्टी आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करेगी।