जैतसागर नाला और पेयजल योजना में देरी पर जताई चिंता:विधायक ने कलेक्टर को लिखा लेटर, काम समय पर पूरा कराने का आग्रह

Actionpunjab
2 Min Read




बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा ने जिला कलेक्टर को लेटर लिखकर जैतसागर नाला निर्माण और बूंदी की पेयजल योजना के नवीनीकरण कार्यों में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कलेक्टर से इन परियोजनाओं की प्रगति की तत्काल समीक्षा करने का आग्रह किया है। शर्मा ने बताया कि आरयूआईडीपी के तहत 56 करोड़ रुपए की लागत से जैतसागर नाला निर्माण और 36 करोड़ रुपए की लागत से बूंदी की पेयजल व्यवस्था के नवीनीकरण के लिए वित्तीय स्वीकृति और कार्य आदेश जारी किए जा चुके हैं। ये दोनों कार्य लगभग दो साल पहले शुरू हुए थे, लेकिन अभी तक पूरे नहीं हुए हैं। विधायक ने कहा कि वर्तमान में दोनों ही कार्यों की निर्माण गति धीमी है। उन्हें यह भी जानकारी मिली है कि जैतसागर नाला निर्माण कार्य तो फिलहाल बंद पड़ा है। उन्होंने जोर दिया कि वर्षा काल शुरू होने से पहले नाले का निर्माण कार्य पूरा किया जाना चाहिए। शर्मा ने बताया कि अधूरे नाले निर्माण के कारण उस क्षेत्र की बस्तियों की पुलिया टूट गई है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। इसी प्रकार कब्रिस्तान जाने वाली पुलिया टूटने से अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों को बड़ी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि जैतसागर और नवलसागर से शहर के मुख्य बाजारों में आने वाले पानी को नाले में मिलाने का प्रस्ताव भी लंबित है, जिस पर कोई निर्णय नहीं हुआ है। विधायक ने चेतावनी दी कि भीषण गर्मी में पेयजल योजना समय पर पूरी न होने से गंभीर पेयजल संकट उत्पन्न हो सकता है। विधायक शर्मा ने कलेक्टर से अनुरोध किया है कि वे अविलंब दोनों संबंधित विभागों के उच्चस्तरीय अधिकारियों के साथ उनकी उपस्थिति में इन दोनों कार्यों की समीक्षा बैठक शीघ्र आयोजित करें।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *