![]()
कैथल के गांव सांपन खेड़ी में बन रहे भगवान परशुराम मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य जून माह तक पूरा हो जाएगा। करीब 935 करोड़ रुपए की लागत से बन रही इस परियोजना का कार्य तेजी से प्रगति पर है। वर्तमान में निर्माण कार्य का लगभग 83 प्रतिशत हिस्सा पूरा हो चुका है। इस संबंध में डीसी अपराजिता ने निर्माणाधीन भगवान परशुराम राजकीय मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। सात मंजिला होगा भवन निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर में सबसे पहले अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। जहां सात मंजिला भवन में जमीनी तल सहित प्रत्येक मंजिल पर बनाए जा रहे चिकित्सीय कक्ष, अल्ट्रासाउंड, एक्सरे, के बारे में नक्शे के माध्यम से जानकारी ली। उन्होंने शैक्षणिक ब्लॉक, छात्रावास तथा रेजिडेंट डॉक्टरों के आवासीय परिसर का एक-एक कर अवलोकन किया। बता दें कि मेडिकल कॉलेज के शुरू होने के बाद कैथल सहित आसपास के जिलों के लोगों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी। अभी गंभीर मरीजों को इलाज के लिए चंडीगढ़, रोहतक पीजीआई या कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज जैसे बड़े संस्थानों में रेफर करना पड़ता है। नए मेडिकल कॉलेज के संचालन से इस समस्या में काफी हद तक कमी आएगी। 530 बेड का आधुनिक अस्पताल और 100 एमबीबीएस सीटें डीसी अपराजिता ने बताया कि करीब 20 एकड़ भूमि पर कैथल-करनाल रोड स्थित गांव सांपन खेड़ी में बन रहे इस मेडिकल कॉलेज में आधुनिक सुविधाओं से युक्त 530 बिस्तरों वाला बहुमंजिला अस्पताल भवन तैयार किया जा रहा है। इसमें बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और कई मंजिलें शामिल हैं। साथ ही मेडिकल कॉलेज में 100 एमबीबीएस सीटों की व्यवस्था की जा रही है, जिससे क्षेत्र के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे। छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग हॉस्टल बनाए जा रहे हैं, जिनमें लड़कों के लिए 350 और लड़कियों के लिए 250 क्षमता के छात्रावास तैयार किए जा रहे हैं। इसके अलावा जूनियर और सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों तथा क्लास-1 व क्लास-2 अधिकारियों के लिए आवासीय ब्लॉक भी तैयार किए जा रहे हैं।
कैथल का मेडिकल कॉलेज जून माह तक होगा तैयार:935 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा, डीसी ने निरीक्षण किया
Leave a comment