![]()
डिप्टी कमिश्नर-कम-चेयरपर्सन ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) सागर सेतिया ने बुधवार को तिमाही समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। सेतिया ने आरसेटी प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षुओं को प्रभावी ढंग से स्वरोजगार अपनाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया जाए। इसका उद्देश्य है कि वे चुने हुए कार्य-व्यवसाय के लिए भविष्य की योजना बनाकर दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य प्राप्त कर सकें। युवा प्रशिक्षण के आधार पर अपना व्यवसाय शुरू कर सकेंगे डीसी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि आरसेटी के तहत बेकरी तथा भविष्य की नई तकनीकों पर आधारित व्यावसायिक कोर्स भी शुरू किए जाएं। इससे युवा प्रशिक्षण के आधार पर अपना व्यवसाय शुरू कर सकेंगे और उन्हें आगे बढ़ने में कोई कठिनाई नहीं होगी। बैठक में लीड बैंक मैनेजर चिरंजीव सिंह और डीडीएम नाबार्ड रशीद लेखी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। डीसी ने उद्योगों के साथ तालमेल बिठाकर उनकी मांग के अनुसार प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए। इसका लक्ष्य जल्द से जल्द रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। अब तक सिलाई-कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर के हजारों युवाओं को दिया प्रशिक्षण बैठक में उपस्थित आरसेटी निदेशक गौरव कुमार ने डिप्टी कमिश्नर का स्वागत करते हुए संस्था की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2009 में स्थापित इस संस्था ने अब तक सिलाई-कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर, डेयरी फार्मिंग, कंप्यूटर बेसिक और प्लंबर जैसे विभिन्न प्रशिक्षण कोर्सों के माध्यम से हजारों युवाओं को प्रशिक्षित किया है। स्वयं का व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बने प्रशिक्षु आरसेटी निदेशक ने बताया कि इनमें से अधिकांश प्रशिक्षु अपना स्वयं का व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बने हैं, जबकि कई प्रशिक्षुओं को बैंकों के माध्यम से ऋण भी उपलब्ध कराया गया है। श्री सागर सेतिया ने आरसेटी निदेशक को समय-समय पर कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने आगामी वित्तीय वर्ष के लिए नया लक्ष्य निर्धारित होने पर जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो के माध्यम से युवाओं को जानकारी देने पर भी जोर दिया।
आरसेटी में नए कोर्स शुरू करने के आदेश::मोगा के डीसी ने बैठक में स्वरोजगार पर दिया जोर, उद्योगों की मांग के अनुरूप दें प्रशिक्षण
Leave a comment