![]()
.
शहर में वर्षों से जमा कचरे के ढेर को खत्म करने के लिए नगर निगम अब सख्त रुख अपनाता नजर आ रहा है। जैनपुर डंप साइट पर चल रहे बायोरेमेडिएशन प्रोजेक्ट की धीमी रफ्तार को लेकर नगर निगम कमिश्नर डॉ. नीरू कत्याल गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर काम का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि तय समय सीमा में हर हाल में काम पूरा किया जाए।
उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि काम में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। करीब 7.62 करोड़ रुपए की लागत से चल रहे इस प्रोजेक्ट के तहत 2.19 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे का निस्तारण किया जाना है। प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद लगभग 35 एकड़ जमीन कचरे से मुक्त हो जाएगी, जिसे भविष्य में उपयोग में लाया जा सकेगा।
इस दौरान जॉइंट कमिश्नर विनीत कुमार भी मौजूद रहे। नगर निगम की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि जैनपुर के साथ-साथ ताजपुर रोड स्थित मुख्य डंप साइट पर भी पुराने कचरे को खत्म करने का काम जारी है, ताकि शहर को कचरा मुक्त बनाने की दिशा में तेजी लाई जा सके। कमिश्नर ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि खुले स्थानों और खाली प्लॉटों में कचरा फेंकने की आदत छोड़नी होगी, तभी इन प्रयासों का पूरा लाभ मिल पाएगा।