![]()
पठानकोट-जालंधर नेशनल हाईवे मलिकपुर के पास संतुलन बिगड़ने से कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे बैरिकेड से टकरा गई। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और अगला टायर तक अलग हो गया, लेकिन कार सवार व्यक्ति बाल-बाल बच गया। हादसे को देखकर स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और कार चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही नेशनल हाईवे अथॉरिटी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और कार को सड़क से हटाकर ट्रैफिक को सुचारु करवाया।
कार का टायर फट कर हुआ अलग
सिमरनजीत सिंह ने बताया कि वह मुकेरियां से पठानकोट आ रहा था। पठानकोट-जालंधर नेशनल हाईवे पर वह जैसे ही मलिकपुर के पास पहुंचा तो कार फिसलने लगी। कार अनियंत्रित होकर बैरिकेड से जा टकराई। बैरिकेड से टक्कर इतनी तेज हुई कि टायर कार से अलग हो गया। कार चालक ने बताया कि सडक पर तेल या फिसलने वाला कोई पदार्थ गिरा हुआ था। बारिश के बीच गिरे हुए किसी पदार्थ के कारण कार का संतुलन बिगड़ा था।
रब्ब ने ही मुझे बचाया – कार चालक
कार चालक सिमरनजीत सिंह ने बताया कि हादसा काफी भयावह था, लेकिन रब्ब का शुक्र है कि वह सुरक्षित है। उसने बताया कि कार अचानक से घूमने लगी थी। जिससे कार पर से उसका संतुलन खो गया। बताया कि घटना की सूचना मिलते ही नेशनल हाईवे अथॉरिटी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और रिकवरी वैन से सड़क से क्षतिग्रस्त कार को हटाकर ट्रैफिक को सुचारु करवाया।