सीतापुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 8 लोग घायल:मुंडन संस्कार से लौटते समय हादसा, 2 गंभीर जिला अस्पताल रेफर

Actionpunjab
2 Min Read




सीतापुर के खैराबाद थाना इलाके में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जहां मुंडन संस्कार से लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रॉली पर सवार 8 लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, तालगांव थाना क्षेत्र के धिमौर गांव निवासी मनोज अपनी बेटी का मुंडन संस्कार कराने परिवार और रिश्तेदारों के साथ नैमिषारण्य गए थे। कार्यक्रम के बाद सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस अपने गांव लौट रहे थे। ट्रॉली में करीब 35 लोग सवार थे। शनिवार शाम परसेंडी रोड पर मीरनगर गांव के पास अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े और घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया। घटना की सूचना ग्राम प्रधान द्वारा पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों रामकुमारी और शिवांश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे में घायल होने वालों में अमित, बबिता, अनुज, माया देवी, राम प्रसाद, लवकुश, रामकुमारी और शिवांश शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ट्रॉली में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जिससे संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *