संभल में फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले तीन गिरफ्तार:4 आरोपियों की तलाश, फिंगरप्रिंट स्कैनर, लैपटॉप, फर्जी आधार बरामद

Actionpunjab
3 Min Read




संभल पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड बनाने और उनमें संशोधन करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई आधार कार्ड संशोधन आईडी को हैक कर अवैध रूप से काम करने वाले गिरोह के खिलाफ की गई। इस मामले में चार अन्य आरोपी फरार हैं जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने मौके से आठ फर्जी आधार कार्ड, लैपटॉप, फिंगरप्रिंट स्कैनर सहित कई उपकरण बरामद किए हैं। रविवार को संभल के बहजोई थाना पुलिस ने अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में इस गिरफ्तारी का खुलासा किया। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कुलदीप सिंह और बहजोई के क्षेत्राधिकारी (सीओ) डॉ. प्रदीप कुमार ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि जनता से शिकायतें मिलने के बाद बहजोई पुलिस ने छापेमारी की थी।छापेमारी के दौरान जसवीर कुमार (पुत्र खुबी सिंह, निवासी ग्राम ढयोढाई), हरीश (पुत्र कल्याण सिंह, निवासी ग्राम मनैना रामगढ़, थाना बहजोई) और विल्टू (पुत्र प्रेमसिंह यादव, निवासी ग्राम नन्दपुर, थाना जुनावई, जनपद संभल) को गिरफ्तार किया गया। वहीं, सुरेंद्र (पुत्र रामाशंकर, निवासी गांव डुप्टा खुर्द, थाना रजपुरा), ईश्वर मेघवाल, सतपाल (पुत्र छत्रपाल, निवासी गनूपुरा), जितेंद्र (पुत्र ओमप्रकाश) और ओमेंद्र यादव (पुत्र हरिशंकर, निवासी गांव हुसैनपुर, थाना जुनावई, जनपद संभल) फरार होने में सफल रहे।एएसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी अधिकृत केंद्रों में पंजीकृत कर्मचारी नहीं थे। उन्होंने किसी अन्य केंद्र की आईडी हैक कर ली थी और अज्ञात स्थानों से अवैध रूप से आधार कार्ड बनाने का काम कर रहे थे। पुलिस ने उनके पास से भारी मात्रा में उपकरण जब्त किए हैं और सुसंगत धाराओं में दो मुकदमे दर्ज किए हैं। अभियुक्तों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। आरोपी किसी मुख्य आईडी को हैक करके उसका इस्तेमाल कर रहे थे। ​वे इंटरनेट के माध्यम से किसी अज्ञात स्थान पर बैठकर इन आईडी का प्रयोग कर रहे थे, ​पूछताछ में पता चला है कि वे एक विशेष सॉफ्टवेयर के जरिए सिस्टम में सेंध लगाते थे। ​पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने सिर्फ एक ही आईडी हैक की थी या अन्य राज्यों/स्थानों की आईडी का भी इस्तेमाल किया गया है। ​फरार साथियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *