![]()
बीकानेर के काकड़ा गांव में दलित युवकों के साथ मारपीट और अपशब्द कहने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज दो युवक विरोध स्वरूप बीकानेर शहर के स्वर्ण जयंती नगर स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए। जानकारी के अनुसार इस मामले में जसरासर थाने में पहले ही मुकदमा दर्ज किया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से पीड़ित पक्ष में भारी आक्रोश है। इसी के चलते युवकों ने टंकी पर चढ़कर विरोध जताते हुए प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की। टंकी पर चढ़े युवकों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे नीचे नहीं उतरेंगे। उन्होंने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए जल्द न्याय दिलाने की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने युवकों को समझाइश कर सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस-प्रशासन पर बढ़ा दबाव मामले के तूल पकड़ने के बाद अब पुलिस और प्रशासन पर जल्द कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से स्थिति और बिगड़ सकती है। फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात है और हालात पर नजर रखी जा रही है।
दलित युवकों से मारपीट का मामला गरमाया:काकड़ा गांव की घटना के विरोध टंकी पर चढ़े दो युवक, पुलिस ने समझाने में जुटी
Leave a comment