यूथ कांग्रेस चुनाव:जीत के लिए प्रत्याशियों का 6 लाख वोट का टारगेट, यानी 5 करोड़ का खर्चा

Actionpunjab
4 Min Read




प्रदेश में यूथ कांग्रेस के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन यह चुनाव से ज्यादा राजनीतिक पावर और पैसे का अधिक हो गया है। क्योंकि, चुनाव में वही युवा सबसे आगे हैं जिनके पास लंबी चौड़ी युवाओं की फौज है और खर्च करने के लिए पैसा। उधर, चुनाव में बड़े नेताओं ने भी सक्रियता बढ़ा दी है। अपने-अपने समर्थक के लिए लामबंद होने लगे हैं। दरअसल, चुनाव में एप के जरिए एक वोट के लिए 75 रुपए जमा कराकर वोट देने होंगे। पहले फेज में ब्लॉक अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष के प्रत्याशियों के नॉमिनेशन शुरू हो चुके हैं। प्रदेशाध्यक्ष के लिए 26 मार्च से प्रक्रिया शुरू होगी। यह प्रक्रिया एक माह चलेगी। अब इस प्रक्रिया और 75 रुपए में एक वोट डालने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस वोट खरीदकर करोड़ों रुपए की क्राउड फंडिंग करने जा रही है। असल में 3 वर्ष पूर्व हुए यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष चुनाव को देखें तो तब टॉप तीन स्थानों पर रहने वाले प्रत्याशियों ने 5 से 6 लाख वोट लिए थे। इस बार मैदान में उतरने का मानस बना रहे प्रत्याशी इस आंकड़े को अपना न्यूनतम टारगेट मानकर चल रहे हैं। उनका मानना है कि यदि इससे कम वोट मिले तो उनकी जीत की संभावनाएं कम हो सकती हैं। अब इन वोटरों की राशि का आकलन करें तो स्पष्ट है कि एक प्रत्याशी को कम से कम 75 रुपए के हिसाब से 5 करोड़ रुपए के आसपास तक के वोट चाहिए। भाजपा का आरोप है कि प्रत्याशी ही इन सबकी व्यवस्था भी करेंगे ही। ऐसे में वे पैसे देकर वोट खरीदने का काम करेंगे। यह चुनाव में वोट के बदले पार्टी की क्राउड फंडिंग जैसा है। पिछला चुनाव : मूंड को मिले 5.58 लाख वोट, काटकर किए 2.02 लाख
कांग्रेस ईवीएम के बदले बैलट पेपर से वोटिंग की बात करती है। जबकि इस यूथ कांग्रेस के चुनाव में एप के जरिए वोट करा रही है। पिछले चुनाव में प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए तीन उम्मीदवारों में सुधींद्र मूंड को 5.58 लाख, अभिमन्यु पूनिया को करीब 5.31 लाख और यशवीर शूरा को 3.86 लाख वोट मिले थे। कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने स्क्रूटनी की और भारी संख्या में वोट काट दिए। इसके बाद पूनिया के 2.18 लाख, मूंड के 2.02 लाख और शूरा के 1.59 लाख वोट माने और पूनिया को अध्यक्ष घोषित कर दिया। एक वोट 75 रुपए का यानी कम से कम 18 से 20 करोड़
प्रत्याशी को एप से युवाओं के वोट चाहिए। 8 से 10 उम्मीदवारों के प्रदेशाध्यक्ष के लिए खड़े होने की चर्चा है। इनमें से 3 से 4 ऐसे प्रत्याशी हैं, जो 6 लाख के टारगेट तक पहुंचने की कोशिश में हैं। ऐसे में यदि सभी उम्मीदवारों के वोट औसतन 3 से 4 लाख भी मानें तो यूथ कांग्रेस के खाते में करीब 18-20 करोड़ रुपए आ सकते हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *