![]()
गुरुग्राम में बलियावास स्थित प्रतिष्ठित पाथवे वर्ल्ड स्कूल में बुधवार को बम की धमकी भरी कॉल मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और बम डिस्पोजल स्क्वाड की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और स्कूल परिसर की गहन जांच शुरू कर दी। स्कूल प्रशासन ने तुरंत सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करते हुए छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया। बम स्क्वाड की टीम डॉग यूनिट के साथ पूरे कैंपस, क्लासरूम, लाइब्रेरी और अन्य इलाकों की तलाशी ले रही है। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की खबर नहीं है। डीएलएफ फेस-1 थाना एसएचओ मनोज कुमार ने बताया कि धमकी की कॉल की जांच की जा रही है। यह कॉल किस स्रोत से आई, इसका पता लगाने के लिए साइबर सेल भी सक्रिय हो गई है। लगातार धमकियां मिल रही हैं पिछले कुछ महीनों में गुरुग्राम के कई स्कूलों को इसी तरह की ईमेल या कॉल से बम धमकियां मिल चुकी हैं, जो बाद में फर्जी साबित हुईं।स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं। जांच पूरी होने के बाद ही स्कूल खोला जाएगा। पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम में स्कूल को फिर बम से उड़ाने की धमकी:बलियावास के पाथवे स्कूल को मिली धमकी भरी ई-मेल, पुलिस की टीमें जांच कर रही
Leave a comment