6 बीघा गेहूं की फसल जलकर हुई राख:बिजली पोल में शॉर्ट सर्किट होने से लगी आग, किसानों को भारी नुकसान

Actionpunjab
2 Min Read




डीग के बहज गांव में बुधवार को बिजली के पोल में हुए शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। इस घटना में किसानों की करीब 6 बीघा गेहूं की तैयार फसल जलकर राख हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते 6 बीघा गेहूं की खड़ी फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। खेतों से उठती लपटों और धुएं को देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्यूबवेल चलाकर पानी डालना शुरू किया। साथ ही, ट्रैक्टरों से खेतों की जुताई कर आग को आगे बढ़ने से रोका। काफी मशक्कत के बाद आग पर आंशिक रूप से काबू पाया जा सका। घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और दमकलकर्मियों के संयुक्त प्रयासों से कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

इस अग्निकांड से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, क्योंकि फसल कटाई के बिल्कुल करीब थी। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो नुकसान और भी अधिक हो सकता था। इस घटना ने एक बार फिर बिजली विभाग की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *