![]()
संभल जनपद के जिला कलेक्ट्रेट सभागार बहजोई में बुधवार को उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के निर्देश पर एक जनपद स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक बुधवार शाम 5 बजे शुरू हुई और 6:30 बजे तक चली। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित बिजली की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया, जिसमें अधिकारियों द्वारा फोन न उठाने का मुद्दा भी शामिल था। बैठक की अध्यक्षता कर रहे विधायक इकबाल महमूद ने बताया कि कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद समय पर ठीक नहीं किए जाते, जिससे जनता को परेशानी होती है। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों की शिकायतों को प्राथमिकता से लेते हुए उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। गुन्नौर विधायक राम खिलाड़ी यादव ने भी अपने क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति से संबंधित कई समस्याएं उठाईं। उन्होंने विशेष रूप से विभागीय अधिकारियों द्वारा जनप्रतिनिधियों के फोन न उठाने का मुद्दा प्रमुखता से रखा। इस पर मुख्य अभियंता ने सख्त निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों के फोन हर हाल में उठाए जाएं और यदि किसी कारणवश कॉल रिसीव न हो सके तो तत्काल कॉल बैक कर उनकी समस्याएं सुनी जाएं। नगर पालिका परिषद बहजोई के चेयरमैन राजेश शंकर राजू ने बहजोई क्षेत्र की बिजली समस्याओं को उठाते हुए मांग की कि नजदीकी बिजली घर को शीघ्र चालू कराया जाए, ताकि विद्युत आपूर्ति सुचारु बनी रहे। अधीक्षण अभियंता हिमांशु वार्ष्णेय ने पिछले वर्ष बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। मुख्य अभियंता अशोक चौरसिया ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनें और उनका त्वरित समाधान करें। बैठक में संभल सांसद प्रतिनिधि ममलूकुर्रहमान बर्क भी उपस्थित रहे। यह बैठक शाम 05 बजे शुरू हुई थी और 6:30 बजे तक चली।
अधिकारियों के फोन न उठाने का बैठक में उठा मुद्दा:संभल में सपा विधायकों ने की शिकायत, कहा- समय पर ठीक नहीं कराए जाते ट्रांसफार्मर
Leave a comment