![]()
पीलीभीत में निवेश के नाम पर पांच गुना मुनाफा देने का लालच देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। जहानाबाद थाना में पीड़ितों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह मामला बरेली निवासी लईक अहमद और उनके पड़ोसी नसीम की शिकायत से जुड़ा है। पीड़ितों का आरोप है कि शहादत खां और उसके सहयोगियों ने खुद को ‘एनएफटी’ (NFT) कंपनी का संचालक बताया। उन्होंने पिछले दिनों उन्हें पांच गुना मुनाफा देने का झांसा देकर निवेश के लिए प्रेरित किया। लईक अहमद ने करीब 2.33 लाख रुपये और नसीम ने लगभग डेढ़ लाख रुपये का निवेश किया था। आरोपियों ने शुरुआत में छोटे भुगतान करके पीड़ितों का विश्वास जीता, लेकिन बाद में लाखों की रकम हड़प ली। जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने समझौते के नाम पर केवल 20,000 रुपए लौटाए और शेष 1.30 लाख रुपए देने से इनकार कर दिया। पैसे मांगने पर पीड़ितों को जान से मारने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां भी दी गईं। शिकायत की गंभीरता और उपलब्ध साक्ष्यों, जिनमें बैंक ट्रांजेक्शन और समझौते की कॉपी शामिल हैं, को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) नताशा गोयल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना जहानाबाद में सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एएसपी गोयल ने कहा, प्रथम दृष्टया यह धोखाधड़ी और फर्जी निवेश योजना का मामला प्रतीत हो रहा है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
पीलीभीत में निवेश के नाम पर लाखों की ठगी:एनएफटी फर्जीवाड़े में मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
Leave a comment