![]()
टोंक जिला मुख्यालय पर बिजली चोरी के खिलाफ शनिवार अलसुबह बड़ी कार्रवाई की गई। जयपुर और टोंक की 27 टीमों ने पुलिस जाप्ते के साथ शहर की करीब एक दर्जन कॉलोनियों में छापेमारी कर 160 अवैध कनेक्शन काटे और करीब 70 लाख रुपए का जुर्माना लगाया। इस कार्रवाई से बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया। अलसुबह शुरू हुई कार्रवाई, तीन घंटे चला अभियान शनिवार सुबह करीब साढ़े चार बजे शुरू हुआ यह अभियान सुबह साढ़े सात बजे तक चला। बिजली निगम की टीमों ने पुरानी टोंक, रजबन, बड़ा कुआं, गड्ढा पहाड़िया समेत कई क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध रूप से बिजली उपयोग करने वालों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। 160 कनेक्शन काटे, 70 लाख का जुर्माना टीमों ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए 160 वीसीआर (विजिलेंस केस रिपोर्ट) भरे और अवैध बिजली कनेक्शन काट दिए। साथ ही करीब 70 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। बड़ी मात्रा में अवैध तार और अन्य सामग्री भी जब्त की गई। बिजली चोरी से बढ़ रही थी लाइन लॉस की समस्या बिजली निगम के एसई कन्हैया लाल पटेल ने बताया कि शहर के कई इलाकों से अवैध कनेक्शन लेने की शिकायतें मिल रही थीं। लगातार बढ़ रही बिजली छीजत (लाइन लॉस) को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया। 27 टीमों का गठन, पुलिस बल की रही तैनाती कार्रवाई के लिए जयपुर और टोंक की कुल 27 टीमों का गठन किया गया था। साथ ही पर्याप्त पुलिस जाप्ता भी तैनात किया गया। अभियान के दौरान डीएसपी मृत्युंजय मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली, सदर थाना और पुरानी टोंक थाने का पुलिस बल मौजूद रहा। कार्रवाई से मचा हड़कंप, तार हटाने लगे लोग जैसे ही टीमों ने कार्रवाई शुरू की, कई लोग अवैध तार हटाने लगे, लेकिन उससे पहले ही निगम की टीमों ने उन्हें जब्त कर लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से बिजली चोरी करने वालों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
टोंक में 160 अवैध बिजली कनेक्शन काटे:70 लाख का जुर्माना लगाया, 27 टीमों ने की कार्रवाई
Leave a comment