![]()
हनुमानगढ़ जिले में अवैध निजी बसों के संचालन पर कार्रवाई नहीं होने से रोडवेज कर्मचारियों में रोष बढ़ रहा है। श्रीगंगानगर में 6 मार्च से चल रहे आंदोलन को अब हनुमानगढ़ डिपो के कर्मचारियों ने भी समर्थन दिया है। रोडवेज के श्रमिक संगठनों के संयुक्त मोर्चा ने शनिवार को प्रबंध निदेशक के नाम मुख्य प्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की। मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अवैध बसों के खिलाफ ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो कर्मचारी कार्य बहिष्कार, चक्का जाम और हड़ताल जैसे आंदोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होंगे। ज्ञापन में बताया गया कि सरकार के निर्देशों के बावजूद श्रीगंगानगर के केंद्रीय बस स्टैंड के 2 से 5 किलोमीटर के दायरे में अवैध व निजी बसों का संचालन खुलेआम जारी है। स्थिति यह है कि बस स्टैंड के मुख्य गेट से ही नियमों का उल्लंघन कर लोक परिवहन व निजी वाहन संचालित हो रहे हैं। इससे रोडवेज निगम की आय पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है और सरकार को भी राजस्व का नुकसान हो रहा है। मोर्चा के अनुसार कई बसें बिना परमिट चल रही हैं। वहीं, एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर से कई वाहन संचालित होने जैसे गंभीर मामले भी सामने आए हैं। इसके अलावा अवैध रूप से मॉडिफाइड बसें तेज गति से दौड़ रही हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा खतरे में है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि अवैध बस संचालकों द्वारा कई बार रोडवेज स्टाफ के साथ मारपीट की घटनाएं भी हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस में शिकायत के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। मोर्चा ने यह भी उल्लेख किया कि बस स्टैंड के आसपास के शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं भी इन अवैध वाहनों से परेशान हैं और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इस अवसर पर विक्रांत सहारण, लखवीर सिंह, गुरलाल सिंह, पृथ्वी महला, भूरा सिंह, हेतराम जाखड़, सुनील सियाग और विनोद कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
अवैध बसों पर कार्रवाई नहीं हुई तो होगा चक्का जाम:रोडवेज कर्मियों ने दी चेतावनी, बस स्टैंड के पास चल रही निजी बसें
Leave a comment