![]()
नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पानीपत की सीआईए टू (CIA-2) पुलिस टीम को सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने हरिद्वार बाइपास पर सनौली पुल के नीचे से उत्तर प्रदेश के एक नशा तस्कर को 452 ग्राम अफीम सहित काबू किया है। आरोपी की पहचान मुर्तजा (निवासी रसूलपुर, जिला सहारनपुर, यूपी) के रूप में हुई है। गुप्त सूचना पर सनौली पुल के पास हुई छापामारी सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि रविवार को उनकी टीम गश्त के दौरान हरिद्वार रोड स्थित सनौली रिछपुर चौक पर तैनात थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि एक युवक बजाज डिस्कवर बाइक पर सनौली पुल के नीचे किसी का इंतजार कर रहा है और उसके पास मादक पदार्थ हो सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे तत्परता से काबू कर लिया। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई तलाशी नियमों के अनुसार, ड्यूटी मजिस्ट्रेट ETO ध्रुव गोस्वामी की मौजूदगी में जब आरोपी मुर्तजा की तलाशी ली गई, तो उसकी पैंट की जेब से प्लास्टिक की पन्नी में लिपटी हुई अफीम बरामद हुई। वजन करने पर अफीम की मात्रा 452 ग्राम पाई गई। शॉर्टकट से पैसे कमाने का था इरादा पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने करीब एक महीना पहले अपने ही गांव के एक युवक से कम कीमत पर 455 ग्राम अफीम खरीदी थी। वह इसे पानीपत और आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाना चाहता था। आरोपी ने बताया कि उसने 3 ग्राम अफीम खुद इस्तेमाल कर ली थी और बाकी 452 ग्राम बेचने के लिए ग्राहक की फिराक में खड़ा था। 2 दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी इंस्पेक्टर विरेंद्र ने जानकारी दी कि आरोपी के खिलाफ थाना सनौली में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। सोमवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस मुख्य सप्लायर के ठिकानों का पता लगाएगी ताकि इस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।
पानीपत में यूपी का नशा तस्कर गिरफ्तार:सहारनपुर से अफीम बेचने आया, हरिद्वार बाइपास पर धरा गया; 2 दिन के रिमांड पर
Leave a comment