पंजाब पुलिस को मिले 508 नए क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल:सीएम मान ने हरी झंडी दिखाई, बोले-कानून व्यवस्था मजबूत होगी, 6 मिनट में पहुंचेगी पुलिस

Actionpunjab
2 Min Read




संगरूर में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब पुलिस को 508 क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल (QRV) समर्पित किए हैं। यह समारोह धुरी के लड्डा कोठी में आयोजित किया गया, जहां मुख्यमंत्री ने इन गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक प्रतिनिधि मौजूद थे। इन अत्याधुनिक QRV के शामिल होने से ‘112’ हेल्पलाइन पर मिली जानकारी पर अब पहले से कहीं अधिक तेजी से कार्रवाई की जा सकेगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि किसी भी राज्य की तरक्की में पुलिस प्रशासन की अहम भूमिका होती है, क्योंकि राज्य का विकास एक सतर्क, फुर्तीली और तकनीकी रूप से सशक्त पुलिस बल से जुड़ा होता है। उन्होंने बताया कि 112 नंबर डायल करने पर पुलिस अब 6 से 7 मिनट में पीड़ित तक पहुंच सकेगी, जबकि पहले इसमें 12 से 13 मिनट लगते थे। सीएम मान बोले- कानून व्यवस्था मजबूत होगी मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि यह पहल राज्य में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इन नई गाड़ियों के जुड़ने से न केवल अपराध नियंत्रण के तरीके मजबूत होंगे, बल्कि आम लोगों में सुरक्षा की भावना भी पैदा होगी। समारोह को संबोधित करते हुए, DGP गौरव यादव ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में, राज्य सरकार ने लगभग ₹327 करोड़ की लागत से पंजाब पुलिस के वाहनों के बेड़े को उन्नत किया है। आधुनिक तकनीक से लैस ये गाड़ियां पुलिस बल की परिचालन दक्षता को काफी बढ़ाएंगी और आपातकालीन स्थितियों में त्वरित कार्रवाई में मदद करेंगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *