हिमाचल सरकार का यू-टर्न, एंट्री फीस ₹100 की:पंजाब-हरियाणा-चंडीगढ़ के लोगों को भी 'कंसेशनल पास' मिलेंगे, 5KM के दायरे में रहने वालों को सुविधा

Actionpunjab
3 Min Read




हिमाचल प्रदेश सरकार ने पंजाब और हरियाणा में विरोध के बाद एंट्री टैक्स की नई दरें तय कर दी हैं। इसे लेकर एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट ने मंगलवार देर शाम एक सर्कुलर जारी कर दिया है। इसके मुताबिक, 12 सीटर तक के सभी पैसेंजर व्हीकल के लिए एंट्री टैक्स घटाकर 100 रुपए कर दिया गया है। इसके अलावा, सरकार ने टोल बैरियर के पांच किलोमीटर के दायरे में रहने वाले निवासियों को ‘कंसेशनल पास’ की सुविधा देने का निर्णय लिया है। बड़ी बात यह है कि पूर्व में ‘कंसेशनल पास’ की सुविधा केवल हिमाचल वासियों को ही थी, लेकिन अब टोल बैरियर के आसपास रहने वाले पड़ोसी राज्यों के लोगों को भी यह सुविधा मिलेगी। पड़ोसी राज्यों के लोगों को भी महंगे टोल से राहत इससे पड़ोसी राज्यों के लोगों को भी महंगे टोल से राहत मिलेगी। हिमाचल के साथ पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर की सीमाएं लगती हैं। लिहाजा, बॉर्डर एरिया के पांच किलोमीटर के दायरे में रहने वाले इन राज्यों के लोगों को कंसेशनल पास की सुविधा मिलने वाली है। सरकार ने हिमाचल में रजिस्टर्ड लाइट मोटर व्हीकल (LMV) कमर्शियल वाहनों (टैक्सी) को भी छूट प्रदान की है। पहले, 70 से बढ़ाकर 170 रुपए की थी एंट्री फीस राज्य सरकार ने एक महीना पहले पांच-सीटर वाहनों की एंट्री फीस 70 रुपए से बढ़ाकर 170 रुपए और छह से 12-सीटर वाहनों की एंट्री फीस 110 रुपए से बढ़ाकर 130 रुपए कर दी थी। पंजाब और हरियाणा में इसका जबरदस्त विरोध हुआ। इसके बाद पंजाब सरकार ने भी हिमाचल के वाहनों पर एंट्री फीस लगाने के संकेत दे दिए थे। दोनों राज्यों में टकराव की स्थिति पनपती जा रही थी। पंजाब के लोगों ने एंट्री पॉइंट बंद करने की दी थी चेतावनी पंजाब के लोगों ने 31 मार्च की रात 12 बजे से हिमाचल के एंट्री पॉइंट बंद करने की भी चेतावनी दी थी। इस बीच, बीते दिन (मंगलवार को) यह मामला हिमाचल विधानसभा में गूंजा और इसी मसले को लेकर बीजेपी विधायकों ने भी विधानसभा के बाहर धरना दिया। सीएम ने सदन में दिया एंट्री फीस कम करने का भरोसा तब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सदन में एंट्री फीस कम करने का भरोसा दिया। देर शाम तक इसे लेकर आदेश जारी कर दिए गए। हालांकि, विधानसभा में मुख्यमंत्री ने पांच-सीटर वाहनों की फीस 170 से घटाकर 70 रुपए और छह से 12-सीटर वाहनों की फीस 130 से घटाकर 110 रुपए करने की बात कही थी, लेकिन विभाग द्वारा जारी आदेशों में इसे 100 रुपए कर दिया गया। लिहाजा, संशोधित दरें बीती रात 12 बजे से लागू हो गई हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *