![]()
राजधानी जयपुर के ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने लूट की वारदात का 24 घंटे में खुलासा करते हुए हिस्ट्रीशीटर सोहेल कुरैशी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट का सामान भी बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी स्मैक और शराब के नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए चोरी, जेबतराशी और लूट जैसी वारदातों को अंजाम देता था। डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा ने बताया कि 30 मार्च को पीड़ित गुरुदयाल दमन पुत्र कजोड़मल, उम्र 31 साल, निवासी नारदपुरा रोड, नागल सुसावतान, आमेर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पीड़ित ने बताया कि वह देर रात करीब 3 से 4 बजे के बीच ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे के पास विक्रम टैम्पो लेकर जा रहा था, तभी एक युवक अचानक आया और उसकी जेब से जबरदस्ती पर्स निकालकर फरार हो गया। पीड़ित के पर्स में 9 हजार रुपए नकद, आधार कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। इस पर ट्रांसपोर्ट नगर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। ऐसे देता था वारदात को अंजाम डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सुनसान स्थानों पर राह चलते लोगों को निशाना बनाता था। मौका मिलते ही वह जेबतराशी, चोरी और लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाता था। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है और वह थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। पुलिस के अनुसार आरोपी स्मैक और शराब के नशे का आदी है और नशे के लिए पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए लगातार इस तरह की घटनाओं को अंजाम देता था। सैकड़ों CCTV फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंची पुलिस मामला दर्ज होने के बाद गठित पुलिस टीम ने घटना स्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सैकड़ों कैमरों की रिकॉर्डिंग चेक की गई। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और पुराने चालानशुदा अपराधियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध सोहेल कुरैशी (27) को डिटेन किया। पूछताछ में आरोपी ने लूट की वारदात करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया और बाद में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने 24 घंटे में किया लूट का खुलासा:हिस्ट्रीशीटर सोहेल कुरैशी गिरफ्तार; नशे की लत पूरी करने के लिए देता था वारदातों को अंजाम
Leave a comment