साइकिल चुराते चोर पकड़ा, बोला-पुलिस के हवाले कर दो, जेल में रोटी फ्री मिलती है

Actionpunjab
2 Min Read




भास्क न्यूज| जालंधर श्री देवी तालाब चैरिटेबल अस्पताल के बाहर स्थानीय लोगों ने एक साइकिल चोर को रंगे हाथ पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने आरोपी को बिजली के खंभे से बांध दिया और उसकी पिटाई कर दी। आरोपी की बातें सुनकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए। वह बार-बार कहता रहा कि उसे पुलिस के हवाले कर जेल भेज दिया जाए, क्योंकि वहां उसे मुफ्त में खाना मिल जाएगा। दुकानदार गौतम गुप्ता के अनुसार, एक दिन पहले उनकी दुकान के कर्मचारी की साइकिल चोरी हो गई थी, जिसकी पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। फुटेज को बाजार और सोशल मीडिया ग्रुप्स में साझा किया गया था। अगले दिन जब आरोपी फिर उसी इलाके में नजर आया, तो कर्मचारी कार्तिक ने उसे पहचान लिया। शक होते ही आरोपी साइकिल लेकर भागने लगा, लेकिन कर्मचारियों ने अड्डा टांडा फाटक के पास उसे काबू कर लिया। जब लोगों ने पूछा कि यहां तक चोरी करने के लिए कैसे पहुंचा है तो आरोपी ने कहा कि वह घर से लिफ्ट लेकर आया था और बुक बाइंडिंग का काम करता है, काम करने के बाद जो पैसे मिले उसकी शराब पी ली। वापिस पैदल जाने की हिम्मत नहीं थी तो साइकिल चुरा लिया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम बब्बू उर्फ लक्की बताया और स्वीकार किया कि वह शराब के नशे में था। इसलिए उसने साइकिल चुरा ली। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहचान को लेकर अलग-अलग जानकारी दी। उसने खुद को रंधावा मसंदा का निवासी बताया, जबकि उसके पास मिले आधार कार्ड में काला बाहियां का पता दर्ज था। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि वह पहले एक व्यक्ति पर चाकू से हमला करने के मामले में जेल जा चुका है। घटना के बाद लोगों ने चोरी की गई साइकिल बरामद कर ली। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *