![]()
हिसार जिले के अग्रोहा स्थित महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज इन दिनों एक वायरल वीडियो की वजह से परेशानी झेल रहा है। मिलते-जुलते नाम के कारण अभ्यर्थी भ्रमित हो रहे हैं और नौकरी के लिए मेडिकल कॉलेज में लगातार कॉल और रिज्यूमे भेज रहे हैं, जबकि भर्ती किसी अन्य कॉलेज में निकली है। दअरसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो के जरिए भर्ती की जानकारी वायरल की गई। जिसमें पता और संपर्क नंबर महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज का बताया गया, जबकि वास्तविकता में यह भर्ती हिसार के महाराजा अग्रसेन कॉलेज ऑफ एजुकेशन में निकली है। वीडियो के वायरल होने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के पास रोजाना दर्जनों फोन कॉल पहुंच रहे हैं। कई अभ्यर्थी ई-मेल के जरिए अपना बायोडाटा भेज रहे हैं, तो कुछ सीधे कॉलेज पहुंचकर नौकरी की जानकारी ले रहे हैं। मेडिकल कॉलेज प्रशासन को देनी पड़ी सफाई मामले को गंभीरता से लेते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने साफ किया है कि उनके यहां फिलहाल कोई भर्ती नहीं चल रही है। सोशल मीडिया पर चल रही जानकारी पूरी तरह भ्रामक है और इसका मेडिकल कॉलेज से कोई संबंध नहीं है। कॉलेज प्रबंधन ने वीडियो बनाने वाले सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर से संपर्क कर वीडियो हटाने को कहा है। चेतावनी दी गई है कि यदि वीडियो डिलीट नहीं किया गया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि यह वीडियो इंस्टाग्राम पर संदीप खासा नाम के अकाउंट से अपलोड किया गया, जिसे एक लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। प्रबंधन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे केवल संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट या विश्वसनीय स्रोतों पर जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें। यहां निकली वैकेंसी महाराजा अग्रसेन कॉलेज ऑफ एजुकेशन में डीएलएड के लिए लेक्चरर के कई पद निकले हैं। इनमें पर्सपेक्टिव इन एजुकेशन, साइंस, ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज, मैथ्स, लैंग्वेज (हिंदी-अंग्रेजी), फाइन आर्ट्स, परफॉर्मिंग आर्ट्स और हेल्थ एंड फिजिकल एजुकेशन शामिल हैं। इसके अलावा लाइब्रेरियन, यूडीसी, ऑफिस सुपरिंटेंडेंट, कंप्यूटर ऑपरेटर कम स्टोर कीपर और लैब असिस्टेंट के पद भी भरे जाएंगे। योग्य उम्मीदवार निर्धारित दस्तावेजों के साथ ऑफलाइन या ई-मेल के जरिए आवेदन कर सकते हैं।
हिसार में इंफ्लूएंसर की गलती से मचा बवाल:मेडिकल कॉलेज में आ रहे नौकरी के कॉल, दूसरी संस्था की निकली भर्ती
Leave a comment