पानीपत में अरुण हत्याकांड में एक आरोपी गिरफ्तार:होली के दिन घेर कर था पीटा, दो महीने पहले हुई कहासुनी का लिया था बदला

Actionpunjab
3 Min Read




पानीपत पुलिस ने किशनपुरा निवासी अरुण की हत्या के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सन्नी (निवासी गांव धीवर पटना, बिहार; हाल निवासी किशनपुरा) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्या पुरानी कहासुनी का बदला लेने के लिए सुनियोजित तरीके से की गई थी। पावर हाउस के पास से हुई गिरफ्तारी सीआईए-वन प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि बुधवार शाम को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चौटाला रोड स्थित पावर हाउस के पास दबिश दी और आरोपी सन्नी को काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान सन्नी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी चिंटू और चार अन्य आरोपियों के साथ मिलकर अरुण पर चाकू और ईंटों से हमला किया था। पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि वारदात के मुख्य आरोपी चिंटू की जनवरी माह में अरुण के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। चिंटू ने इसी बात की रंजिश मन में पाल ली और बदला लेने की साजिश रची। होली के दिन (4 मार्च) जब पूरा शहर त्योहार मना रहा था, तब चिंटू, सन्नी और उनके साथियों ने मिलकर अरुण को घेर लिया और उस पर जानलेवा हमला कर दिया। इलाज के दौरान तोड़ा था दम बता दें कि 4 मार्च की शाम करीब 6:10 बजे अरुण अपने दोस्त पिंडी के साथ श्मशान रोड की तरफ जा रहा था। तभी आरोपियों ने गुप्ता फैक्ट्री के पास उसका रास्ता रोका और तेजधार हथियारों व ईंटों से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत में अरुण को PGI रोहतक रेफर किया गया था, लेकिन परिजनों ने उसे पानीपत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। 11 मार्च को इलाज के दौरान अरुण की मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं (BNS 103(1)) जोड़ दी थीं। 4 दिन के रिमांड पर आरोपी पुलिस ने आरोपी सन्नी को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद करने और फरार चल रहे अन्य आरोपियों (चिंटू, अजय, मिंटू व अन्य) के ठिकानों का पता लगाने का प्रयास करेगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *