Multiple Factories Catch Blaze, Fire Brigades Arrive

Actionpunjab
8 Min Read


सोनीपत4 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक
सोनीपत के कुंडली इंडस्ट्रियल एरिया में 4 फैक्ट्रियों में आग लगी है। - Dainik Bhaskar

सोनीपत के कुंडली इंडस्ट्रियल एरिया में 4 फैक्ट्रियों में आग लगी है।

हरियाणा के सोनीपत जिले के कुंडली इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार अल सुबह 4 बजे कूलर, पंखे और जूसर मिक्सर बनाने की फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। वहां मौजूद कर्मचारियों किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई और कंट्रोल रूम को सूचना दी। साथ ही आसपास के इलाके को भी अलर्ट कर दिया।

मगर, तेज हवा चलने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की तीन अन्य फैक्ट्रियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। एक फैक्ट्री में खड़ी कार भी आग में जल गई। आग इतनी भीषण थी कि आसमान में दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। इससे बचाव कार्य में परेशानी आई।

सूचना मिलते ही सोनीपत के साथ-साथ आसपास के तीन जिलों से फायर ब्रिगेड की 18 से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास किए। कुंडली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है। एहतियातन आसपास के इलाके के खाली करा लिया गया है।

नौ घंटे से आग पर काबू पाने के प्रयास चल रहे हैं। मगर, बेसमेंट में ज्यादा आग है। अंदर रखी ज्वलनशील सामग्री के चलते आग बार-बार भड़क रही है। फैक्ट्री के अंदर प्लास्टिक, तार और अन्य उपकरणों में इस्तेमाल होने वाले केमिकल के कारण धुएं का गुबार दूर-दूर तक फैल गया है। दमकल अधिकारी ने बताया कि आग पर काबू पाने में अभी और समय लग सकता है।

सोनीपत में फैक्ट्रियों में लगी आग के कुछ PHOTOS…

फैक्ट्री में रखा कच्चा और तैयार माल जलकर पूरी तरह जल गया।

फैक्ट्री में रखा कच्चा और तैयार माल जलकर पूरी तरह जल गया।

आग पर काबू पाने के लिए लगातार पानी की बौछार की जा रही हैं।

आग पर काबू पाने के लिए लगातार पानी की बौछार की जा रही हैं।

आग की चपेट में गाड़ी भी आ गई।

आग की चपेट में गाड़ी भी आ गई।

मौके पर पहुंची पुलिस जले हुए सामान को बाहर निकालते हुए।

मौके पर पहुंची पुलिस जले हुए सामान को बाहर निकालते हुए।

यहां सिलसिलेवार ढंग से जानिए कैसे लगी फैक्ट्रियों में आग…

  • कूलर-पंखे बनाने वाली फैक्ट्री में लगी आग : कुंडली इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रधान धीरज ने बताया कि कुंडली इंडस्ट्रियल एरिया स्थित फैक्टरी नंबर 56 में कूलर, पंखे और जूसर-मिक्सर बनाने का काम होता है। शुक्रवार की सुबह चार बजे अज्ञात कारणों के चलते इसमें आग लग गई। आग लगी देख वहां मौजूद कुछ कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। कुछ ही देर में आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया।
  • तीन अन्य फैक्ट्रियों तक फैली आग : तेज हवा के कारण आग की लपटें इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पास की तीन अन्य फैक्ट्रियां भी इसकी चपेट में आ गईं। आग के दौरान फैक्ट्री नंबर 56 में खड़ी एक कार भी पूरी तरह से जलकर राख हो गई। आग की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लोहे के ढांचे तक झुलस गए। वहां मौजूद कर्मचारियों ने किसी भागकर अपनी जान बचाई और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
  • पानीपत, गोहाना, बहादुरगढ़ से भी गाड़ियां बुलाई : आग लगने की सूचना मिलते ही सोनीपत के अलावा आसपास के जिलों पानीपत और झज्जर से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर बुलाई गई। फायर कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे है और हालात को नियंत्रण में लाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। सोनीपत के कुंडली, राई एजुकेशन सिटी, गन्नौर, पानीपत, गोहाना, बहादुरगढ़ से 18 से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी है। नरेला दिल्ली से भी संपर्क किया जा रहा है।
  • 9 घंटे से आग पर काबू पाने के प्रयास जारी : फायर विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर डटे हुए हैं। 9 घंटे से आग पर काबू पाने के लिए लगातार पानी की बौछार कर रहे हैं। कुंडली थाना पुलिस की टीम ने सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र को खाली करवाया गया, ताकि कोई जनहानि न हो। फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आग किन कारणों से लगी। फिलहाल प्राथमिकता आग बुझाने और नुकसान को सीमित करने की है।
आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है। माना जा रहा है कि शार्ट सर्किट के कारण यह आग लगी।

आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है। माना जा रहा है कि शार्ट सर्किट के कारण यह आग लगी।

आग पर 70 प्रतिशत काबू पाया, 2-3 घंटे और लगेंगे

फायर विभाग के अधिकारी रामेश्वर ने बताया कि उन्हें 4 बजे आग लगने सूचना मिली थी कि कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में स्थित फैक्ट्री नंबर-56 में आग लगी है। तेज हवा के कारण आग ने आसपास की तीन अन्य फैक्ट्रियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। जिन फैक्ट्रियों में आग लगी है, उनमें से तीन फैक्ट्री नंबर सी-56, सी-57 और सी-62 एक ही व्यक्ति द्वारा संचालित की जा रही थीं, जबकि चौथी फैक्ट्री किसी और की है।

चारों ही फैक्ट्रियों में पंखे, कूलर और अन्य घरेलू उपकरण (होम अप्लायंसेज) का निर्माण किया जाता था। आग के कारण भारी मात्रा में तैयार माल और कच्चा सामान जलकर राख हो गया। अभी लगभग 70% से ज्यादा आग पर काबू पाया जा चुका है। आग पर पूरी तरह काबू पाने में दो से तीन घंटे और लगेंगे।

दिल्ली में रहते है फैक्ट्रियों के मालिक

कुंडली इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रधान धीरज ने बताया फैक्ट्री सी-56 के मालिक के गगन धुपड दिल्ली के रहने वाले हैं, जबकि फैक्ट्री सी-58 के मालिक दिव्यांशु है। दिव्यांशु भी दिल्ली में ही रहते हैं। सुबह आग लगने के बाद मालिक को गार्ड के माध्यम से सूचना दी गई थी।

बताया कि दिन में ही फैक्ट्री में काम होता है, रात को कुछ ही कर्मचारी वहां रहते है। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। फैक्ट्री मालिकों को काफी नुकसान हुआ है।

—————————-

ये खबर भी पढ़ें…

गुरुग्राम में उद्योग विहार की फैक्ट्री में भीषण आग:शीशा तोड़कर बिल्डिंग में घुसी रेस्क्यू टीम; दो महिलाओं समेत 5 को बाहर निकाला

गुरुग्राम शहर के उद्योग विहार में एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई है। घटना कापसहेड़ा बॉर्डर के पास हुई है। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और आग बुझाने और रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। आग की लपटें तेजी से फैल रही हैं। बताया जा रहा है कि यह आग फेस एक की एक फैक्ट्री के बेसमेंट में लगी है और अंदर कई कर्मचारी फंसे हुए हैं। (पूरी खबर पढ़ें)

खबरें और भी हैं…
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *