10 महिने के बेटे को साथ लेकर पहुंची अभ्यर्थी:SI भर्ती परीक्षा के दौरान सांस ने संभाला; बस नहीं मिली तो देरी से पहुंची परीक्षा केंद्र

Actionpunjab
4 Min Read




राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की SI भर्ती 2025 के एग्जाम का आज दूसरा दिन है। जयपुर में परीक्षा के लिए 199 सेंटर बनाए गए है। 74855 अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए रिजस्टर्ड हुए है। पहली पारी में सुबह 11 बजे से सामान्य हिंदी का पेपर शुरू हुआ। इसके लिए सुबह 9 बजे से जयपुर में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को एंट्री दी गई। 10 बजे परीक्षा केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए। देरी से पहुंचे कई अभ्यर्थी एंट्री नहीं मिलने के कारण परीक्षा देने से वंचित रह गए। जयपुर में एक परीक्षा केंद्र पर कुछ अभ्यर्थी फुल स्लीव्स शर्ट पहनकर आए थे। उनको शर्ट उतारने या आस्तीन काटने के बाद ही एंट्री दी गई। जयपुर में परीक्षा केंद्र पर अंतिम 5 मिनट शेष रहने पर कर्मचारियों ने अभ्यर्थियों को आवाज लगाकर सूचित किया। महिला अभ्यर्थी के बालों में हेयर क्लिप लगा होने के कारण उसे परीक्षा केंद्र के बाहर रोक लिया गया। हालांकि, अभ्यर्थी द्वारा हेयर क्लिप अपने पिता को सौंपने के बाद उसे परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिला। महिला अभ्यर्थी के कानों के टॉप्स और बालों में लगे कलेचर खुलवाए गए। सभी अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। अभ्यर्थी 10 महीने के बेटे को लेकर परीक्षा देने पहुंची किशनगढ़ रेनवाल के रमजीपुरा कलां निवासी नीतू कंवर अपने 10 महीने के बच्चे के साथ जयपुर के गंगा पोल स्थित परीक्षा केंद्र पर पहुंचीं। उनकी सास भंवर कंवर भी साथ थीं, जो परीक्षा केंद्र से कुछ दूरी पर 10 महीने के पोते यशवर्धन को संभालती नजर आईं। नीतू कंवर की सास भंवर कंवर ने बताया- नीतू का विवाह 2 साल पहले उनके बेटे हर्षवर्धन से हुआ था, जो आर्मी में कमांडो है। मेरा बेटे और उनकी यह इच्छा है कि नीतू भी समाज की सेवा के लिए खाकी पहने। इसलिए मैं अपनी बहू को एसआई भर्ती परीक्षा दिलवाने लाई हैं। नीतू पिछले एक साल से इस भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रही हैं। बस नहीं मिली तो देरी से पहुंची परीक्षा केंद्र जयपुर में चंदवाजी की रहने वाली सुनीता जाट सुभाष चौक स्थित नेताजी सुभाष राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बने परीक्षा केंद्र पर सुबह 10 बजे के बाद परीक्षा देने पहुंचीं। इस कारण उन्हें परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं मिल सकी। परीक्षा केंद्र के बाहर वह काफी देर तक मायूस खड़ी रहीं और प्रवेश पाने की उम्मीद करती रहीं। हालांकि, करीब आधा घंटे तक इंतजार करने के बाद भी उन्हें प्रवेश नहीं मिला। सुनीता जाट ने बताया कि वह एक किसान परिवार से है। दो साल से परीक्षा की तैयारी कर रही थी। वह अपने परिवार का सपना पूरा करने के लिए एसआई बनना चाहती है, लेकिन समय पर बस नहीं मिलने के कारण परीक्षा केंद्र पहुंचने में देरी हो गई और उनकी मेहनत बेकार हो गई। जयपुर के गंगा पोल स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में बने परीक्षा केंद्र पर एक अभ्यर्थी सुबह 10 बजे के बाद पहुंचा और प्रवेश के लिए पुलिसकर्मी से गुहार लगाता नजर आया। उसे परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया। दूसरी पारी में जनरल नॉलेज का एग्जाम दूसरी पारी में जनरल नॉलेज की परीक्षा 3 से 5 बजे तक होगी। इसके लिए एंट्री दोपहर एक बजे शुरू होगी। साल 2021 की SI भर्ती परीक्षा नकल और पेपरलीक के कारण रद्द हो गई थी। इसलिए इस बार परीक्षा में सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *