![]()
करौली-सरमथुरा मार्ग पर सोमवार को एक सड़क हादसे में श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में 20 से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें से 7 की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जयपुर रेफर किया गया है।
एएसपी गमनाराम ने बताया कि सभी श्रद्धालु कैलादेवी के दर्शन कर सरमथुरा क्षेत्र के महारपुरा गांव लौट रहे थे। खेड़ा मंडली गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली पर ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ड्राइवर पानी की बोतल उठाने के दौरान संतुलन खो बैठा, जिससे वाहन बेकाबू होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत करौली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही एएसपी गुमनाराम, डीएसपी अनुज शुभम, एसडीएम प्रेमराज मीना, अस्पताल के पीएमओ डॉ. रामकेश मीणा सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों की कुशलक्षेम पूछी और उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लिया। धौलपुर-करौली लोकसभा क्षेत्र से भाजपा की पूर्व प्रत्याशी इंदूदेवी जाटव भी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जिला चिकित्सालय के पीएमओ डॉ. रामकेश मीणा ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 25 से अधिक लोग सवार थे। सभी को चोटें आईं, जिनमें से 20 से अधिक को अस्पताल में भर्ती किया गया है। 7 गंभीर घायलों को जयपुर रेफर किया गया है।
अस्पताल में भर्ती घायलों में सोनू (40, पुत्र भूपसिंह, निवासी महारपुर, थाना सरमथुरा), रविंद्रसिंह (40, पुत्र शक्तिसिंह), सुनीता (50, पत्नी किशनसिंह), बोलो बाई (65, पत्नी सुरजनसिंह), सीता (50, पत्नी सुरेश), ऋतिक (12, पुत्र मनोज), बुलबुल (5, पुत्री मनोज), गौरी (6, पुत्री राकेश), सरोज (50, पत्नी बहादुर सिंह), काजल (24, पुत्री बहादुर सिंह), निधि (8, पुत्री प्रदीप), दिया (7, पुत्री सोनू), सलोनी (16, पुत्री संजय), रश्मि (17, पुत्री ब्रजराज), मुन्नी (56, पत्नी वीरेंद्रसिंह), श्यामवीर (45, पुत्र वीरेंद्रसिंह) और रितु (30, पत्नी श्यामवीर) सहित 20 लोग शामिल हैं।