कपूरथला में फर्जी पत्रकार बनकर ब्लैकमेलिंग:पिता-पुत्र पर केस दर्ज; नशा केस में फंसाने की धमकी देकर वसूले पैसे

Actionpunjab
2 Min Read




कपूरथला में खुद को सोशल मीडिया पत्रकार बताने वाले एक पिता-पुत्र के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। सिटी थाना पुलिस ने लोगों को ब्लैकमेल कर अवैध वसूली करने के आरोप में सरबजीत सिंह और उसके बेटे मनजोत के खिलाफ मामला दर्ज किया है। डीएसपी सब-डिवीजन शीतल सिंह ने इसकी पुष्टि की है। पुलिस को दी शिकायत में मोहल्ला कायमपुरा निवासी मुकेश कुमार ने बताया कि 4 अप्रैल की दोपहर सरबजीत सिंह और मनजोत उसके पास आए। इसके बाद वे सामने एक खाली प्लॉट में टेंट लगाकर रह रहे अमीन मोहम्मद के पास पहुंचे। आरोपियों ने खुद को पत्रकार बताते हुए अमीन मोहम्मद के टेंट की तलाशी लेनी शुरू कर दी। आरोप है कि दोनों ने टेंट के अंदर एक खाली प्रेगा कैप्सूल का पत्ता फेंक दिया और उसका वीडियो बनाया। इसके बाद उन्होंने अमीन मोहम्मद पर नशा बेचने, अवैध काम करने और बिजली चोरी करने का आरोप लगाया। उन्होंने अमीन मोहम्मद के बच्चों की भी तलाशी ली और खुद को पुलिस द्वारा भेजा गया बताकर धमकाया। पीड़ित बोला- मामला खत्म करने के लिए 10 हजार मांगा पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने मामला रफा-दफा करने के लिए 10,000 रुपये की मांग की। डर के कारण अमीन मोहम्मद ने उन्हें 1700 रुपये दे दिए। इसके बाद भी आरोपियों ने सोफा सेट के कवर जैसे अन्य सामान देने का दबाव बनाया। जब अमीन मोहम्मद ने मना किया, तो उन्होंने वीडियो को फेसबुक पेज ‘वॉइस ऑफ कपूरथला’ पर वायरल करने की धमकी दी। शिकायत में यह भी आरोप है कि यह फेसबुक पेज एक फर्जी चैनल है, जिसका उपयोग आरोपी लोगों को गुमराह कर पैसे वसूलने के लिए करते हैं। डीएसपी सब-डिवीजन शीतल सिंह ने बताया कि पुलिस ने मनजोत और सरबजीत सिंह उर्फ बंटी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि ऐसे फर्जी पत्रकारों के नेटवर्क की जांच की जा रही है, जिसमें कुछ और लोग भी शामिल हो सकते हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *