घरौंडा में कंबाइन से गेहूं कटाई के दौरान लगी आग:5 एकड़ फसल राख, किसानों ने खुद बुझाई आग, मुआवजे की मांग

Actionpunjab
4 Min Read




करनाल जिले के मुनक में मुनक हेड के पास वीरवार को गेहूं की कटाई के दौरान अचानक खेतों में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि 3 किसानों की करीब 5 एकड़ फसल जलकर राख हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और पटवारी मौके पर पहुंचे, लेकिन फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही किसानों ने खुद ही आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग नहीं बुझती तो आसपास की खड़ी फसल भी चपेट में आ सकती थी। गांव मुनक निवासी बलराम शर्मा के खेत में कंबाइन से गेहूं काटने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक खेत में चिंगारी उठी और देखते ही देखते आग भड़क गई। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और आसपास की फसल को भी अपनी चपेट में लेने लगी। कुछ ही देर में कई एकड़ गेहूं जल गया, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ। मौके पर मची अफरा-तफरी, कंबाइन को सुरक्षित हटाया आग लगते ही खेतों में काम कर रहे किसानों में अफरा-तफरी मच गई। सबसे पहले कंबाइन को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया ताकि बड़ा हादसा न हो। इसके बाद आसपास के किसानों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। स्थिति कुछ समय के लिए बेहद गंभीर बनी रही। ट्रैक्टर, हैरो और पानी से बुझाई आग किसानों ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रैक्टर, हैरो और पानी की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की। आग काफी तेज थी, लेकिन किसानों ने हिम्मत नहीं हारी और लगातार प्रयास करते रहे। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और आग को फैलने से रोक लिया गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस, फायर ब्रिगेड देर से घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई थी। इसके बाद पुलिस की ईआरवी टीम और मुनक थाना प्रभारी बृजपाल मौके पर पहुंचे। हालांकि फायर ब्रिगेड घरौंडा से आती है, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही किसानों ने आग बुझा दी थी। अगर देरी होती तो नुकसान और ज्यादा बढ़ सकता था। इतनी फसल जली, किसानों को भारी नुकसान इस आगजनी में मुनक निवासी बलराज के करीब साढ़े 4 एकड़, महेंद्र कौर के 4 कनाल और गुरमुख के 2 कनाल गेहूं की फसल जल गई। किसानों का कहना है कि अचानक धुआं उठता दिखा और आग फैल गई। उन्होंने तुरंत काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। किसानों ने उठाई फायर स्टेशन की मांग किसान बलराम शर्मा, गुरवचन और अन्य ने बताया कि हर बार फायर ब्रिगेड घरौंडा से आने में देर हो जाती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मुनक में ही फायर स्टेशन बनाया जाए ताकि ऐसे हादसों में समय रहते मदद मिल सके। प्रशासन ने मुआवजे का दिया आश्वासन मौके पर पहुंचे पटवारी दिनेश कुमार ने बताया कि आगजनी में फसल को नुकसान हुआ है। इसकी रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी, ताकि प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाया जा सके। पुलिस ने शुरू की जांच मुनक थाना प्रभारी बृजपाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। किसानों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और मामले की जानकारी अधिकारियों को दे दी गई है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *