बालसमंद के स्टेडियम में शीशे तोड़े, ग्रामीणों में रोष:कुछ दिनों पहले ही हुई थी मरम्मत, लोग बोले- सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाए

Actionpunjab
2 Min Read




हिसार जिले के बालसमंद गांव के राजीव गांधी खेल स्टेडियम में मरम्मत के कुछ ही समय बाद अज्ञात शरारती तत्वों ने फिर से खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए हैं। इस घटना से ग्रामीणों में भारी रोष है और उन्होंने स्टेडियम में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है। करीब 22 साल पहले बने इस स्टेडियम में हाल ही में सरकार ने मरम्मत कार्य करवाया था। इसमें टूटी हुई खिड़कियों के शीशे बदले गए थे और अन्य आवश्यक सुधार किए गए थे, जिससे खिलाड़ियों और ग्रामीणों में खुशी थी। हालांकि, इस मरम्मत के तुरंत बाद ही तोड़फोड़ की यह घटना सामने आई है। ग्रामीणों और खिलाड़ियों का कहना है कि बार-बार ऐसी घटनाओं से सरकारी धन की बर्बादी हो रही है और खेल गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने इसे गांव की संपत्ति के साथ खिलवाड़ बताया है। स्टेडियम में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की मांग इस मामले की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार शाम को ग्रामीणों ने एक बैठक बुलाई है। इस बैठक में आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। कई ग्रामीणों ने सुझाव दिया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने और दोषियों की पहचान के लिए स्टेडियम में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने चाहिए। बालसमंद गांव की आबादी 20 हजार से अधिक है और यहां से हर साल अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकलते हैं। सैकड़ों लड़के और लड़कियां सुबह-शाम नियमित रूप से इस स्टेडियम में अभ्यास करते हैं। लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की कमी के बावजूद यह स्टेडियम क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *