![]()
शहर के देहलीगेट चौराहे की राह भी आसान होने जा रही है। क्योंकि यहां बनाई गईं अवैध 41 दुकानों को नगर निगम तोड़ने जा रहा है। इसकी तैयारी भी कर ली है। चौराहे से टाउन हॉल की तरफ घूमने वाला मार्ग अभी 11-12 मीटर का है। दुकानों के हटने से मार्ग की चौड़ाई लगभग 22-24 मीटर हो जाएगी। इससे ट्रैफिक जाम की समस्या भी हल हो जाएगी। दुकानों को तोड़ने के पीछे मुख्य कारण एलिवेटेड रोड का निर्माण है। इन्हीं दुकानों के ऊपर से एलिवेटेड रोड निकलेगा। इसके पिलर दुकानों की जगह पर ही बनेंगे। इसके लिए निगम की टीम शुक्रवार को मौका रिपोर्ट बनाएगी, जिसमें बताया जाएगा कि दुकानों का कितना हिस्सा एलिवेटेड के पिलर में जाएगा। बता दें कि देहलीगेट चौराहे पर बांस वाली गली और सूरजपोल के बीच यू-टर्न पर 41 दुकानें बनी हैं। सालों पहले यूआईटी (अभी यूडीए) ने यह जमीन धार्मिक उद्देश्य से आवंटित की थी। फिर जमीन के चारों तरफ दुकानें बना दी गईं। अंदर एक मकान और धार्मिक स्थल है। निगम के अनुसार दुकानों को बने हुए करीब 50 साल से ज्यादा हो गए हैं। ये दुकानें कई बार एक-दूसरे को बेची जा चुकी हैं। सीज की कार्रवाई से पहले कोई भी दुकानदार मालिकाना हक के दस्तावेज पेश नहीं कर सका। फिर निगम ने 17 फरवरी 2024 को दुकानें सीज कर दी। तब से ये बंद हैं। सिर्फ सामान निकालने के लिए दुकानें खोली गई थी। बगैर निर्माण स्वीकृति के बनाई दुकानें दुकानें अवैध तरीके से बनाई गईं। इन्हें बनाने के लिए निगम से भू-उपयोग परिवर्तन और निर्माण स्वीकृति नहीं ली गई। ऐसे में निगम ने सभी दुकानदारों को नोटिस जारी कर 24 घंटे में मालिकाना हक व बनाने संबंधी स्वीकृति के दस्तावेज पेश करने को कहा था। लेकिन, दावेदारी पेश करने वाला एक भी व्यक्ति सामने नहीं आ पाया। उस समय दुकानदार कोर्ट में गए, लेकिन स्टे नहीं दिया। इसके बाद हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। वहां से भी इन्हें राहत नहीं मिली। निगम ने दुकानों को सीज करने की कार्रवाई अलसुबह की। उस समय सभी दुकानें बंद थीं। इसलिए किसी ने विरोध भी नहीं किया। संचालक जब दुकान खोलने पहुंचे तो उन्हें मामले का पता लगा। शटर पर अगले आदेश तक दुकानें नहीं खोलने और उसे सीज देखकर वे लौट गए। फायदा : 47 हजार वाहनों को जाम से मिलेगी मुक्ति
देहलीगेट चौराहे से रोजाना दिनभर में 47 हजार वाहन गुजरते हैं। देहलीगेट पर बापूबाजार, टाउनहॉल, अश्विनी बाजार, शास्त्री सर्किल और कोर्ट चौराहे की तरफ से ट्रैफिक आता है। पास ही में कलेक्ट्री भी है। ऐसे में दिनभर यहां यातायात दबाव ज्यादा रहा है। इससे ट्रैफिक व्यवस्था भी बिगड़ी रहती है। रोड चौड़ा होने के बाद यातायात के निकलने में काफी राहत मिलेगी। जाम से भी निजात मिलेगी।
आसान होगी राह:देहलीगेट पर 41 दुकानें तोड़ेगा निगम, यहीं बनेगा एलिवेटेड रोड का पिलर
Leave a comment