सोनीपत में शार्ट-सर्किट से डोना-प्लेट फैक्ट्री में आग:सुबह 5 बजे लगी आग; लाखों का नुकसान

Actionpunjab
3 Min Read




सोनीपत के गन्नौर क्षेत्र के एक गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक मकान के साथ चल रही दोना-प्लेट बनाने की छोटी फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। घटना तड़के सुबह करीब 5 बजे की है, जब परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। आग फैक्ट्री वाले हिस्से में लगी, लेकिन देखते ही देखते धुआं पूरे घर में फैल गया। समय रहते परिवार और स्थानीय लोगों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया, हालांकि फैक्ट्री मालिक को लाखों रुपये का नुकसान झेलना पड़ा है।
सुबह उठते ही धुएं से भरा मिला घर
गन्नौर के गांव नया बांस में फैक्ट्री मालिक दिनेश के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे जब परिवार के सदस्यों की नींद खुली तो कमरे में चारों तरफ धुआं ही धुआं फैला हुआ था। तुरंत बाहर जाकर देखा तो फैक्ट्री वाले हिस्से में मशीनों और कच्चे माल में आग लगी हुई थी।
देखते ही देखते तैयार माल भी जला
आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री में तैयार रखा हुआ दोना-प्लेट का माल भी इसकी चपेट में आ गया। आग तेजी से फैलती गई, जिससे नुकसान बढ़ता चला गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पास में लगे सबमर्सिबल पंप को चालू कर पानी डालना शुरू किया। सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पाया गया, जिससे आग आगे फैलने से रुक गई। 6 महीने पहले ही शुरू किया था काम
दिनेश ने बताया कि उन्होंने करीब 6 महीने पहले ही दोना-प्लेट बनाने का कुटीर उद्योग शुरू किया था। इस काम में उन्होंने लगभग 5 लाख रुपये की लागत से मशीन और कच्चा माल खरीदा था और यही उनका मुख्य रोजगार था।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग में मशीन, कच्चा माल और बिजली की फिटिंग पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।
फैक्ट्री मालिक के मुताबिक इस हादसे में उन्हें करीब 3 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि यही उनका परिवार चलाने का एकमात्र सहारा था, जो अब आग की भेंट चढ़ गया।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *