![]()
हनुमानगढ़ जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। अब स्लॉट बुकिंग व्यवस्था को समाप्त कर पूर्व की भांति टोकन सिस्टम लागू कर दिया गया है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के उपायुक्त की ओर से जारी आदेश के बाद, अब एजेंसी स्तर पर टोकन जारी कर खरीद प्रक्रिया संचालित की जाएगी। दरअसल सरकार ने इस बार पहली बार स्लॉट बुकिंग व्यवस्था लागू की थी। हालांकि, मंडियों में एक साथ अधिक उपज आने और तकनीकी समस्याओं के कारण अव्यवस्था की स्थिति बन गई थी। किसान संगठनों, व्यापारियों और मजदूर संगठनों ने इस व्यवस्था का विरोध करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी थी, जिसके बाद देर रात यह बदलाव किया गया। किसानों को टोकन जारी करेंगी संबंधित एजेंसियां
अधिकारियों के अनुसार अब खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए एफआईएफओ (फर्स्ट इन, फर्स्ट आउट) सिस्टम लागू किया गया है। इसके तहत संबंधित एजेंसियां अपनी दैनिक क्रय क्षमता के अनुसार किसानों को टोकन जारी करेंगी।
किसानों को एसएमएस के माध्यम से उनकी बारी की सूचना दी जाएगी, जिससे उन्हें अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। स्पॉट पंजीकरण कर भी हो सकेगा टोकन जारी
यदि कोई किसान बिना पंजीकरण के मंडी पहुंचता है, तो संबंधित एजेंसी शाम 6 बजे के बाद उस दिन के 10 प्रतिशत किसानों का स्पॉट पंजीकरण कर टोकन जारी कर सकेगी। इसके अलावा 5 प्रतिशत अतिरिक्त खरीद की छूट भी दी गई है, जो इन्हीं किसानों तक सीमित रहेगी। जिले में इस बार लगभग 7 लाख 95 हजार 800 मीट्रिक टन गेहूं 2735 रुपए प्रति क्विंटल (150 रुपए बोनस सहित) के समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। मुख्य मंडियों के साथ-साथ गांवों में भी खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं, और कई स्थानों पर एक से अधिक एजेंसियों को अधिकृत किया गया है। कृषि विपणन विभाग ने खरीद एजेंसियों को लक्ष्य भी आवंटित कर दिया है। किसानों का ऑनलाइन पंजीकरण अभी भी जारी है।
हनुमानगढ़ में गेहूं खरीद में स्लॉट बुकिंग व्यवस्था खत्म:अब टोकन और एफआईएफओ सिस्टम से होगी खरीद
Leave a comment