![]()
जोधपुर में शनिवार देर शाम थार में सवार बदमाशों ने स्विफ्ट कार को टक्कर मारी। फिर फायरिंग कर दहशत फैला दी। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से एक संदिग्ध गाड़ी जब्त की है। घटना जोधपुर के डांगियावास थाना इलाके के बिसलपुर फांटा की है। डांगियावास थानाधिकारी दौलाराम ने बताया- सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा फायरिंग का वीडियो शनिवार देर शाम का है। इस घटना को लेकर पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। रिपोर्ट के अनुसार, चांदेलाव निवासी प्रकाश ने फोन करके बिसलपुर फांटा पर स्थित एक ढाबे के बाहर बुलाया था। जैसे ही पीड़ित मौके पर पहुंचा। प्रकाश और उसके साथियों ने अपनी थार गाड़ी से जोरदार टक्कर मारने की कोशिश की। ढाबे में घुसकर तोड़फोड़ और थारे से मारी टक्कर, फायरिंग पीड़ित ने पुलिस को बताया- टक्कर के बाद बदमाशों ने को को पीछे-पीछे दौड़ाया। पीड़ित अपनी जान बचाने के लिए ढाबे के अंदर घुस गया। हमलावरों ने वहां भी घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया। थानाधिकारी दौलाराम के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। हालांकि, पुलिस ने घटनास्थल से एक संदिग्ध गाड़ी को बरामद कर लिया है, जिसके आधार पर आगे की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। पॉक्सो केस की गिरफ्तारी से जन्मी रंजिश पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इस जानलेवा हमले के पीछे पुरानी रंजिश है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी प्रकाश पूर्व में बनाड़ थाने में दर्ज पॉक्सो एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार हो चुका है। इसी केस की वजह से पीड़ित से पुरानी दुश्मनी चल रही है। विशेष टीम गठित, तलाश जारी एडीसीपी (ईस्ट) वीरेंद्रसिंह ने बताया- फायरिंग की घटना का पता चलते ही पुलिस अलर्ट हो गई थी। आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें बरामद की गई संदिग्ध गाड़ी के रजिस्ट्रेशन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
जोधपुर में थार सवार बदमाशों की गुंडागर्दी, VIDEO:कार को टक्कर मारी, फिर फायरिंग कर दहशत फैलाई; पुरानी दुश्मनी चल रही
Leave a comment