- Hindi News
- National
- Breaking News Headlines Today, Pictures, Videos And More From Dainik Bhaskar
6 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

ओडिशा के मयूरभंज जिले के सरकारी आदिवासी आवासीय स्कूल में खाना खाने के बाद 100 से ज्यादा बच्त्रे बीमार पड़ गए। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को बरिपदा के अस्पताल में 5वीं क्लास की एक छात्रा की मौत हो गई। परिजन ने बच्चे का शव रखकर प्रदर्शन किया।
काकाबन्धा आश्रम स्कूल के बच्चों ने रविवार सुबह खाना खाने के बाद बेचैनी और बीमारी की शिकायत की थी। उन्होंने ऐसा खाना खाया था जो अधिकृत मेन्यू में शामिल नहीं था।
बीमार बच्चों के माता-पिता ने बताया कि बच्चों ने बासी चावल (पाखाला), मसले हुए आलू और आम की चटनी खाई थी, जिसके बाद उन्हें दस्त और उल्टी की शिकायत होने लगी।
बीमार बच्चों को तुरंत स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहा से 67 बच्चों को गंभीर हालत में बारीपदा के PMR मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया था।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
1,228 लेवल क्रॉसिंग पर ऑटोमैटिक क्लोजर सिस्टम लगाने का काम तेजी से करें, रेलवे बोर्ड का निर्देश

रेलवे बोर्ड ने सभी जोन को निर्देश दिया है कि वे 1,228 लेवल क्रॉसिंग पर ऑटोमैटिक क्लोजर सिस्टम लगाने का काम तेजी से करें, ताकि जब तक लेवल क्रॉसिंग का गेट सड़क यातायात के लिए ठीक से बंद न हो जाए, तब तक ट्रेन को ग्रीन सिग्नल न मिले।
ऑटोमैटिक क्लोजर सिस्टम, जो लेवल क्रॉसिंग (LC) गेट्स के इंटरलॉकिंग का एक हिस्सा है, एक सुरक्षा तंत्र है। इसके तहत, जब कोई ट्रेन पास आती है, तो LC गेट्स सड़क यातायात के लिए अपने आप बंद हो जाते हैं; या अगर गेट खुला रहता है, तो यह सिस्टम ट्रेन को रुकने का सिग्नल देता है।
महाराष्ट्र में 1 मई से लाइसेंसी रिक्शा-टैक्सी ड्राइवरों के लिए मराठी जानना अनिवार्य, सरकार चलाएगी निरीक्षण अभियान

महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री प्रताप सरनाइक ने मंगलवार को कहा कि 1 मई से महाराष्ट्र में सभी लाइसेंसी रिक्शा और टैक्सी ड्राइवरों के लिए मराठी जानना अनिवार्य होगा। इसके लिए मोटर परिवहन विभाग के कार्यालयों के माध्यम से राज्यव्यापी निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। अपने कार्यालय से जारी एक बयान में, सरनाइक ने चेतावनी दी कि जिन ड्राइवरों को मराठी का बुनियादी ज्ञान नहीं होगा, उनके लाइसेंस रद्द कर दिए जाएंगे।
त्र्यंबकेश्वर में दर्शन के लिए पैसे लेने का मामला, मंदिर ट्रस्ट का ट्रस्टी गिरफ्तार

त्र्यंबकेश्वर मंदिर ट्रस्ट के एक ट्रस्टी पुरुषोत्तम कडलग को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। नासिक पुलिस ने बताया कि 11 अप्रैल को त्र्यंबकेश्वर मंदिर में नासिक के दो श्रद्धालुओं के साथ ठगी की गई थी। उनके पास 200 रुपए वाले दर्शन पास होने के बावजूद, एक व्यक्ति ने उनसे कहा कि 3,000 रुपए देकर 10 मिनट के अंदर VIP दर्शन कर सकते हैं। आरोपी और उसके एक साथी ने उन्हें मंदिर में प्रवेश तो दिला दिया, लेकिन कोई रसीद नहीं दी। इस पर पुलिस में शिकायत की गई।
नासिक ग्रामीण SP बालासाहेब पाटिल ने कहा ट्रस्टी को सबूतों के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। कुछ और नाम भी सामने आए हैं, और जांच-पड़ताल के बाद उन्हें भी जल्द ही गिरफ़्तार कर लिया जाएगा।आरोपी को 20 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
CBI की आठ राज्यों में 77 जगहों पर छापेमारी, बिल्डर-वित्तीय संस्थान सांठगांठ मामला

बिल्डर-वित्तीय संस्थान सांठगांठ मामले में CBI ने मंगलवार को आठ राज्यों में 77 जगहों पर तलाशी ली। CBI के अधिकारी ने यह जानकारी दी। ये तलाशी दिल्ली, चेन्नई, पुडुचेरी, बेंगलुरु और अन्य जगहों पर की गई। यह मामला सुप्रीम कोर्ट ने CBI को सौंपा था। सुप्रीम कोर्ट ने 29 अप्रैल, 2025 को एजेंसी को निर्देश दिया था कि वह सुपरटेक लिमिटेड सहित नेशनल कैपिटल रीजन (NCR) में बिल्डरों के खिलाफ जांच करे। NCR में ‘सबवेंशन स्कीम’ का इस्तेमाल करके घर खरीदने वालों को ठगा गया था।
बाबासाहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 136वीं जयंती आज, पीएम मोदी, उप राष्ट्रपति ने संसद परिसर में प्रतिमा पर श्रद्धांजलि दी

अंबेडकर जयंती के अवसर पर, PM मोदी और अन्य नेताओं ने संसद परिसर स्थित ‘प्रेरणा स्थल’ पर भारत रत्न डॉ. बी.आर. अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की।
पश्चिम बंगाल में वोटर लिस्ट में नाम नहीं होने पर 6 लोगों ने राष्ट्रपति से मौत की गुहार लगाई

पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के आरामबाग में वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने के बाद 6 लोगों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मौत की गुहार लगाई है। इन लोगों का कहना है कि स्पेशल इंटेसिव रिवीजन (SIR) के बाद उनके नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए, जिससे उन्हें हिरासत में लेने के लिए जाने और डिटेंशन कैंप भेजने का डर सता रहा है।
इन मौतों में एक रिटायर्ड सरकारी स्कूल की पूर्व हेडमिस्ट्रेस तैबुन्नेसा बेगम भी शामिल हैं। उनका कहना है कि पेंशन पेपर और पासपोर्ट जैसे वैध दस्तावेज होने के बावजूद नाम सूची से हटा दिया गया। सभी 6 लोगों ने एसडीओ कार्यालय के जरिए राष्ट्रपति को आवेदन देते हुए कहा कि डिटेंशन का सामना करने से बेहतर मौत है।
तेलंगाना में इंटरमीडिएट रिजल्ट आने के बाद 4 स्टूडेंट्स ने सुसाइड किया

तेलंगाना में इंटरमीडिएट परीक्षा के रिजल्ट आने के बाद चार स्टूडेंट्स के सुसाइड का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक ये सभी स्टूडेंट्स अपने रिजल्ट को लेकर बहुत परेशान थे।
रविवार को IPE 2026 के रिजल्ट आए थे, जिसके बाद अलग-अलग जिलों से ये मामले सामने आए। निर्मल, मेडक और आदिलाबाद जिलों में तीन और खम्मम जिले में एक 17 साल के छात्र ने अपनी जान दे दी।
सिक्किम में फंसे हुए 158 ड्राइवरों को बचाया गया

उत्तर सिक्किम के लाचेन में सड़क टूटने से फंसे 158 ड्राइवरों और वाहनों को सुरक्षित निकाल लिया गया। इससे पहले 1,321 पर्यटकों को 9 अप्रैल को रेस्क्यू किया गया था। 5 अप्रैल को तराम चू क्षेत्र में सड़क क्षतिग्रस्त हुई थी। सेना, बीआरओ, आईटीबीपी और प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाकर वाहनों को अलग-अलग मार्गों से गंगटोक पहुंचाया।
