![]()
अबोहर बस स्टैंड पर एक युवक की सरेआम पिटाई का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक एक व्यक्ति को बुरी तरह पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह घटना बस स्टैंड पर मौजूद सैकड़ों लोगों के सामने हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर युवक को हमलावरों से बचाया। घायल युवक को उसकी माता तुरंत सरकारी अस्पताल ले गईं, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर चोटों के कारण उसे सीटी स्कैन के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लुधियाना का रहने वाला है युवक घायल युवक की पहचान लुधियाना निवासी जसवीर सिंह (25) पुत्र दर्शन सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, जसवीर ने लगभग तीन महीने पहले अबोहर के सीड फार्म क्षेत्र की एक युवती से शादी की थी। हालांकि, घरेलू विवाद के कारण शादी के एक महीने बाद ही युवती अपने मायके लौट आई थी। तहसील परिसर में हुई थी पंचायत सूत्रों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच चल रहे विवाद को लेकर आज तहसील परिसर में पंचायत के माध्यम से तलाक की प्रक्रिया पूरी की गई थी। इसके बाद जसवीर बस स्टैंड पहुंचा, जहां कथित तौर पर लड़की पक्ष के कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया। सार्वजनिक स्थान पर माहौल खराब करने वालों पर होगी सख्ती: पुलिस इस मामले पर थाना प्रभारी मनिंदर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद का मामला प्रतीत होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि “किसी प्रकार की संगठित गुंडागर्दी सामने नहीं आई है, बल्कि तलाक को लेकर आपसी कहासुनी के दौरान बस स्टैंड पर हंगामा हुआ”। पुलिस के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थान पर माहौल खराब करने वाले किसी भी शरारती तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।
अबोहर बस स्टैंड पर युवक को ससुरालियों ने पीटा:घरेलू विवाद के बाद पत्नी से हो चुका तलाक; वीडियो सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल
Leave a comment