![]()
सोनीपत में ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी के सामने स्थित नाइट क्लबों को लेकर आई नशे की शिकायत के बाद हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने बड़ा एक्शन लिया। वीरवार शाम को खुद साधारण कपड़ों में टीम के साथ मौके पर पहुंचकर उन्होंने करीब 6 घंटे तक सर्च अभियान चलाया।
हालांकि छापेमारी से पहले ही सूचना लीक होने के चलते कई नाइट क्लब बंद मिले और संचालक फरार हो गए। इस कार्रवाई ने न केवल इलाके में हड़कंप मचा दिया, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था और सूचना लीक होने पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
गुप्त शिकायत के बाद की गई छापेमारी
महिला आयोग को गुप्त रूप से शिकायत मिली थी कि यूनिवर्सिटी के आसपास चल रहे नाइट क्लबों की आड़ में संदिग्ध गतिविधियां हो रही है। इसी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने खुद मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने का निर्णय लिया।
6 घंटे चला सर्च अभियान, कई क्लब मिले बंद
वीरवार शाम करीब 6 बजे से शुरू हुई यह छापेमारी रात 12 बजे तक चली। इस दौरान टीम ने कई नाइट क्लबों की जांच की, लेकिन अधिकांश क्लब पहले से ही बंद मिले। बताया जा रहा है कि छापेमारी की सूचना पहले ही लीक हो गई थी, जिसके चलते संचालकों ने क्लब बंद कर दिए और खुद मौके से फरार हो गए।
लाइट बंद कर बैठे मिले कर्मचारी
कुछ क्लबों में कर्मचारी अंदर लाइट बंद कर बैठे मिले। जब उनसे पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि मालिकों ने पहले ही निर्देश दे दिए थे कि आज क्लब नहीं चलाना है, क्योंकि पुलिस और महिला आयोग की रेड होने वाली है।
आसपास के क्षेत्र में खुलेआम शराबखोरी
छापेमारी के दौरान यह भी सामने आया कि नाइट क्लबों के आसपास के क्षेत्रों में युवक-युवतियां खुलेआम शराब पी रहे थे। इस स्थिति ने कानून व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूचना लीक होने पर जताई नाराजगी
रेनू भाटिया ने कहा कि उन्हें इस बात का दुख है कि उनके पहुंचने से पहले ही छापेमारी की जानकारी लीक हो गई। उन्होंने कहा कि जिसने भी यह जानकारी साझा की है, उसने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है।
महिला आयोग की चेयरपर्सन ने स्पष्ट किया कि वह इस मामले को लेकर फिर से बिना सूचना के छापेमारी करेंगी। उन्होंने कहा कि अगली बार किसी भी प्रकार की लापरवाही या अवैध गतिविधि मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखकर कार्रवाई
रेनू भाटिया ने कहा कि यह कार्रवाई युवाओं और छात्रों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर मौके पर कोई आपत्तिजनक स्थिति मिलती, तो तुरंत सख्त कदम उठाए जाते।
सोनीपत यूनिवर्सिटी सामने नाइट क्लबों पर 6 घंटे तक छापेमारी:महिला आयोग चेयरपर्सन की रेड़; सूचना लीक हुई, संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिली थी
Leave a comment