![]()
बाराबंकी में नगर कोतवाली पुलिस ने अपनी तत्परता दिखाते हुए एक महिला का जेवरों से भरा बैग महज दो घंटे के भीतर वापस दिला दिया। इस बैग में करीब 5 लाख रुपये के गहने थे, जो महिला गीता जायसवाल ऑटो में भूल गई थीं। जानकारी के अनुसार, गीता जायसवाल किसी काम से ऑटो में सवार होकर अपने गंतव्य पर पहुंची थीं। जल्दबाजी में ऑटो से उतरते समय उनका जेवरों से भरा बैग सीट पर ही छूट गया। कुछ देर बाद जब उन्हें बैग छूटने का एहसास हुआ, तो वह घबरा गईं और तुरंत नगर कोतवाली पहुंचकर पुलिस से मदद मांगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर कोतवाली प्रभारी सुधीर सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और ऑटो की पहचान की। इसके बाद तेजी से ऑटो चालक की तलाश शुरू की गई। सटीक रणनीति और लगातार प्रयासों के चलते पुलिस ने मात्र दो घंटे के भीतर ऑटो चालक का पता लगा लिया। जांच के दौरान पाया गया कि ऑटो चालक ने बैग को सुरक्षित रखा हुआ था। पुलिस ने बैग बरामद कर गीता जायसवाल को सौंप दिया। अपने जेवर सुरक्षित वापस मिलने पर महिला गीता जायसवाल और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली। उन्होंने बाराबंकी पुलिस और विशेष रूप से नगर कोतवाली प्रभारी सुधीर सिंह व उनकी टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल एक बड़ा नुकसान टला, बल्कि आम जनता का पुलिस पर विश्वास भी मजबूत हुआ है।
बाराबंकी में 2 घंटे में मिला जेवरात से भरा बैग:ऑटो में भूल गई थी महिला, पुलिस की तत्परता से 5 लाख के गहने वापस मिले
Leave a comment