![]()
गर्मी में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने विशेष ट्रेनों का संचालन बढ़ाया है। इसी क्रम में फिरोजपुर कैंट से पटना के बीच एक आरक्षित समर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। यह ट्रेन हरदोई होकर गुजरेगी, जिससे बिहार जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। यह विशेष ट्रेन संख्या 04616/04615 के रूप में संचालित होगी। ट्रेन 04616 फिरोजपुर कैंट से प्रत्येक मंगलवार को चलेगी, जबकि 04615 पटना से वापसी में प्रत्येक बुधवार को रवाना होगी। इसका संचालन 21 अप्रैल 2026 से 14 जुलाई तक जारी रहेगा और कुल 13 फेरे लगाए जाएंगे। हरदोई स्टेशन पर इस ट्रेन का समय भी निर्धारित किया गया है। फिरोजपुर से आने वाली 04616 समर स्पेशल ट्रेन हरदोई स्टेशन पर रात 02:16 बजे पहुंचेगी और 02:18 बजे प्रस्थान करेगी। वहीं, पटना से चलने वाली 04615 ट्रेन हरदोई स्टेशन पर सुबह 08:40 बजे आएगी और 08:42 बजे आगे के लिए रवाना होगी। इस ट्रेन में एसी और स्लीपर श्रेणी के कुल 18 कोच लगाए जाएंगे, जिससे अधिक संख्या में यात्री यात्रा कर सकेंगे। यह ट्रेन मोगा, लुधियाना, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, रायबरेली, वाराणसी, बक्सर, आरा और दानापुर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, गर्मियों में बढ़ती भीड़ और टिकटों की मांग को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इससे लंबी दूरी के यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने में सहूलियत होगी और भीड़भाड़ भी कम होगी। हरदोई के यात्रियों के लिए यह ट्रेन विशेष रूप से फायदेमंद होगी, क्योंकि इससे सीधे पटना और बीच के प्रमुख शहरों के लिए एक अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होगा। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले समय और तिथि की जानकारी अवश्य जांच लें।
हरदोई होकर चलेगी फिरोजपुर–पटना समर स्पेशल ट्रेन:गर्मी में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए मिलेगी बड़ी राहत
Leave a comment