लुधियाना में इलाज के दौरान व्यक्ति की मौत:परिजनों ने निजी अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया, रोड जाम किया

Actionpunjab
2 Min Read




लुधियाना के राहों रोड स्थित जैन कॉलोनी के बाहर एक निजी अस्पताल के सामने शनिवार शाम तनावपूर्ण स्थिति बन गई। इलाज के दौरान जसपाल सिंह (निवासी बूथगड़) नामक व्यक्ति की मौत के बाद परिजनों और किसान संगठनों ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। गुस्साए लोगों ने अस्पताल के बाहर सड़क जाम कर दी, जिससे राहों रोड पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। मृतक जसपाल सिंह की बेटी नेहा कौर ने अस्पताल प्रबंधन और स्टाफ पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उनके पिता का उचित इलाज नहीं किया गया। नेहा बोली- डॉक्टर मरीज को देखने मौके पर नहीं पहुंचे नेहा कौर के अनुसार, अस्पताल के डॉक्टर मरीज को देखने मौके पर नहीं पहुंचे, बल्कि फोन पर ही स्टाफ को इंजेक्शन लगाने के निर्देश देते रहे। उनका आरोप है कि गंभीर स्थिति में डॉक्टर का खुद मौजूद होना आवश्यक था, जिसकी अनदेखी की गई और इसी कारण उनके पिता की जान चली गई। धरने पर बैठे परिजनों और किसान संगठनों के नेताओं ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि निजी अस्पतालों की लापरवाही पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो आम लोगों की जान इसी तरह खतरे में पड़ती रहेगी। इस संबंध में जब अस्पताल की डॉक्टर से संपर्क किया गया, तो उन्होंने व्यस्तता का हवाला देते हुए बाद में बात करने को कहा। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *