![]()
बुलंदशहर में डीएम ने प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़ा फेरबदल किया है। शनिवार को जारी आदेशों के तहत कई एसडीएम और तहसीलदारों का तबादला किया गया है। इन आदेशों को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इस फेरबदल में अंगद यादव को सदर एसडीएम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सदर एसडीएम रहे दिनेश चंद को उनके पद से हटाकर स्याना तहसील में न्यायिक का प्रभार दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, दिनेश चंद के तबादले की मुख्य वजह जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र आवेदनों के निस्तारण, शिकायतों के समाधान में लापरवाही और अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ सामंजस्य की कमी बताई जा रही है। जारी आदेशों के अनुसार, रविन्द्र प्रताप सिंह को स्याना से स्थानांतरित कर सदर बुलंदशहर में उप जिलाधिकारी (न्यायिक) बनाया गया है। लालजी विश्वकर्मा को स्याना उप जिलाधिकारी (न्यायिक) के पद से हटाकर उप जिलाधिकारी स्याना नियुक्त किया गया है। तहसील स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं। मनोज कुमार रावत को सदर से स्याना तहसीलदार और अजय कुमार को स्याना से सदर बुलंदशहर तहसीलदार बनाया गया है। प्रतिमा पाण्डेय को खुर्जा में उप जिलाधिकारी के साथ उप जिलाधिकारी (न्यायिक) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। जिलाधिकारी ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल को जनपद की कार्यप्रणाली में सुधार लाने और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बुलंदशहर में प्रशासनिक फेरबदल, अंगद यादव सदर SDM बने:कई एसडीएम और तहसीलदारों का तबादला
Leave a comment