![]()
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “युद्ध नशों के विरुद्ध” के तहत जालंधर के बिलगा थाने में एक बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता सब-डिवीजन फिल्लौर के डीएसपी भरत मसीह लद्धड़ ने की। इस अवसर पर थाना बिलगा के एसएचओ एसआई गुरशरण सिंह भी मौजूद रहे। बैठक में बिलगा थाना क्षेत्र के गांवों से आए ड्रग कमेटी सदस्यों को नशे की बढ़ती समस्या और इसके गंभीर दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। डीएसपी लद्धड़ ने बताया कि नशा एक गंभीर सामाजिक बुराई है, जो व्यक्ति के स्वास्थ्य, पारिवारिक जीवन और सामाजिक ढांचे को कमजोर करती है। लोगों को नशा न करने के लिए प्रेरित करने को कहा कमेटी सदस्यों से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता फैलाएं और युवाओं को स्वस्थ व नशा-मुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करें। बैठक में गांव स्तर पर नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने, नशा पीड़ितों के समय पर इलाज और पुनर्वास सुनिश्चित करने तथा नशे की समस्या को खत्म करने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया। नशा तस्करों की दें सूचना प्रतिभागियों को नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए प्रोत्साहित किया गया। आम जनता की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 9779100200 भी साझा किया गया, ताकि नशे और अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों की जानकारी आसानी से दी जा सके। गांव को नशा मुक्त बनाने का लिया संकल्प जालंधर देहाती पुलिस ने कहा कि नशा तस्करी में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी सदस्यों को जागरूकता अभियानों में सक्रिय रूप से भाग लेने और अपने गांवों में सुरक्षित, स्वस्थ तथा नशा-मुक्त वातावरण बनाने के लिए प्रेरित किया गया। अंत में मौजूद लोगों ने अपने गांवों को नशा-मुक्त बनाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
जालंधर में नशे के विरुद्ध अभियान को लेकर बैठक:डीएसपी फिल्लौर ने ड्रग कमेटी के सदस्यों के साथ की चर्चा, जनसहयोग की अपील
Leave a comment