नागौर में बस-डंपर की भीषण भिड़ंत, 3 गंभीर घायल:हाइवे पर एक किलोमीटर तक जाम लगा, डेह रोड पर हुआ हादसा

Actionpunjab
2 Min Read




नागौर मे डेह रोड स्थित गुड़ला चौराहे पर रविवार को निजी बस और गिट्टी से भरे डंपर की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के समय बस में कोई सवारी नहीं थी। बस ड्राइवर राजू सिंह के साथ ही डंपर ड्राइवर जगदीश और कंडक्टर रूपनाथ को गंभीर हालत में जेएलएन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां तीनों का इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार- निजी बस, स्टैंड पर सवारियां खाली कर पेट्रोल पंप पर पार्क होने जा रही थी, जबकि डेह से नागौर की तरफ आ रहा डंपर गिट्टी से भरा था। गुड़ला चौराहे पर दोनों वाहनों की तेज रफ्तार में आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत यह रही कि बस में कोई सवारी नहीं थी। वर्ना एक बहुत बड़ा हादसा हो सकता था।

हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और हाइवे पर दोनों तरफ करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से डंपर व बस को सड़क से हटवाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *