![]()
शहर और आसपास के इलाकों में मंगलवार को आग लगने की चार अलग-अलग घटनाओं ने प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी। अलग-अलग स्थानों पर लगी इन आगजनी की घटनाओं में समय रहते दमकल विभाग की सक्रियता से बड़े नुकसान को टाल लिया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास के अनुसार दिन की शुरुआत शंभुपुरा इलाके में हुई घटना से हुई, जहां एक हाईड्रा मशीन में अचानक आग लग गई। आग मशीन के इंजन वाले हिस्से में लगी थी और देखते ही देखते तेज हो गई। सूचना मिलते ही नगर निगम की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, जबकि एक दमकल आर्मी की भी बुलाई गई। संयुक्त प्रयासों से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि मशीन को काफी नुकसान पहुंचा। दूसरी घटना खेड़ा रामपुर गांव में सामने आई, जहां एक मकान के खाली परिसर में रखे भूसे के ढेर में अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग भड़क उठी। आग पास में रखे छानों तक फैल गई, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग को फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया।
इसी क्रम में नांता स्थित ट्रेचिंग ग्राउंड में भी एक बार फिर आग लगने की घटना सामने आई। यहां कचरे के ढेर में आग लगना आम होता जा रहा है और लगभग हर दूसरे दिन ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। मंगलवार सुबह भी कचरे से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद वहां तैनात दमकलकर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का कार्य शुरू किया। चौथी घटना कुन्हाड़ी इलाके में हुई, जहां बल्लियों के एक गोदाम में आग लग गई। गोदाम के अंदर से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने पहले क्रेन की सहायता से शटर को तोड़ा और फिर अंदर घुसकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इस दौरान तीन दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया और काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया। इन सभी घटनाओं में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। दमकल विभाग ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में विशेष सतर्कता बरतें और ज्वलनशील पदार्थों को सुरक्षित स्थान पर रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
कोटा में भूसे के ढ़ेर समेत चार जगहों पर आग:कुन्हाड़ी में गोदाम में आग तो शंभुपुरा में हाईड्रा मशीन जली, ट्रेचिंग ग्राउंड फिर धधका
Leave a comment