![]()
कानपुर देहात में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों के अनुपालन में स्वास्थ्य विभाग ने एक विशेष अभियान चलाया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह ने बताया कि रनियां क्षेत्र के पालनपुरवा, केशवनगर, उमरन, बजरंग नगर, अंबेडकर नगर, श्याम सुंदर नगर, यादवपुरवा, शिवनाथपुरवा, चौहानपुरवा, धनारामपुर और पीएचसी रनियां में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों के दौरान कुल 336 लोगों के रक्त नमूने एकत्र किए गए। इन नमूनों को 18 से 28 मार्च 2026 के बीच जांच के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, लखनऊ भेजा गया था। प्राप्त जांच रिपोर्ट के अनुसार, 336 में से 315 व्यक्तियों के रक्त में क्रोमियम की मात्रा सामान्य स्तर से आंशिक रूप से अधिक पाई गई। इनमें से 6 व्यक्तियों के रक्त में क्रोमियम की मात्रा 20 माइक्रोग्राम प्रति लीटर से भी अधिक दर्ज की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरवनखेड़ा और रनियां के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित व्यक्तियों का प्राथमिकता के आधार पर नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त, 18 व्यक्तियों के रक्त में मरकरी (पारा) की मात्रा भी सामान्य स्तर (20 माइक्रोग्राम प्रति लीटर से कम) से अधिक पाई गई है। स्वास्थ्य विभाग ने इन मामलों पर विशेष निगरानी शुरू कर दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में लगातार स्वास्थ्य जांच, निगरानी और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित स्वास्थ्य खतरे से समय रहते निपटा जा सके।
कानपुर देहात में 315 लोगों के ब्लड में क्रोमियम बढ़ा:NGT निर्देश पर जांच में 18 में मरकरी भी सामान्य से अधिक
Leave a comment