अजमेर में ‘नारी शक्ति’ का प्रदर्शन, कांग्रेस के खिलाफ विरोध:रावण के रूप में बनाए पुतले को पहले पीटा, फिर किया दहन, बैरिकेड्स पर चढ़कर नारेबाजी

Actionpunjab
2 Min Read




नारी वंदन अधिनियम को संसद में पारित नहीं होने देने के विरोध में गुरुवार को अजमेर भाजपा महिला मोर्चा ने प्रदर्शन किया। महिला कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट तक रैली निकालते हुए कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की और अपना विरोध दर्ज कराया। भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता होटल अजमेरु में एकत्रित हुईं, जहां से रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचीं। इस दौरान महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट के बाहर कांग्रेस सांसदों के फोटो लगाकर रावण का पुतला बनाया गया, जिसे पहले जूते-चप्पलों से मारा गया और बाद में काली पट्टियां बांधकर जलाया गया। प्रदर्शन के दौरान कुछ महिला कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़कर कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करती नजर आईं। पूरे क्षेत्र में विरोध के चलते माहौल गरमाया रहा। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए कलेक्ट्रेट के बाहर पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया था। इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मधु शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेश किए गए नारी वंदन अधिनियम का कांग्रेस ने विरोध कर महिलाओं के सपनों को तोड़ने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने महिलाओं के सशक्तिकरण के खिलाफ काम किया और साधारण परिवारों की महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी के अवसरों को नुकसान पहुंचाया। प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष रमेश सोनी सहित बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *