![]()
शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया मानहानि मामले में आज अमृतसर की अदालत में पेश हुए। उन्होंने अपनी हाजिरी लगवाई और पेशी के बाद मीडिया से बातचीत में बताया कि अब जज के फैसले का इंतजार किया जा रहा है। मजीठिया ने इस दौरान बताया कि इस केस के मुख्य आरोपी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पहले ही उनसे लगाए गए आरोपों को लेकर माफी मांग चुके हैं। इसकी कानूनी प्रक्रिया भी दर्ज है। उन्होंने यह भी कहा कि केजरीवाल के साथ-साथ पार्टी के अन्य नेताओं ने भी माफी मांगी थी, जिससे केस का मुख्य मुद्दा काफी हद तक साफ हो जाता है। कोर्ट के फैसले के बाद उठाएंगे अगला कदम उन्होंने कहा कि अब केवल एक टिप्पणी के आधार पर मामला चल रहा है और अदालत के फैसले के बाद ही अगला कदम तय किया जाएगा। इस दौरान मजीठिया ने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए राज्य में बड़े स्तर पर बिजली कटौती का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इससे आम लोग, किसान और उद्योग प्रभावित हो रहे हैं। बोले- अकाली दल के राज में पंजाब पावर सरप्लस राज्य था मजीठिया ने दावा किया कि अकाली दल के शासनकाल में पंजाब पावर सरप्लस राज्य था और लोगों को 24 घंटे बिजली मिलती थी, जबकि मौजूदा भगवंत मान सरकार में हालात खराब हो गए हैं। उन्होंने बिजली बोर्ड से जुड़े मामलों में गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की। लॉरेंस बिश्नोई के इंटरव्यू और मूसेवाला की हत्या पर सरकार को घेरा मजीठिया ने लॉरेंस बिश्नोई के इंटरव्यू और सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि किसी भी अपराधी का महिमामंडन नहीं होना चाहिए और इस मामले में मूसेवाला के परिवार की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। अंत में उन्होंने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं सरकार की नाकामी को दर्शाती हैं। उन्होंने सरकार से अपील की कि हालात सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके और राज्य में कानून व विकास का माहौल बना रहे।
मानहानि केस में बिक्रम मजीठिया अमृतसर अदालत में पेश:केजरीवाल की माफी का जिक्र, फैसले का इंतजार, सुनवाई जारी
Leave a comment