करनाल में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़:उज्ज्वल फायरिंग के आरोपी के पैर में लगी गोली, अवैध हथियार बरामद

Actionpunjab
6 Min Read




करनाल जिले के मधुबन थाना क्षेत्र में आर्वधन नहर की पटरी पर वीरवार शाम पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में बदमाश की टांग में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया। घायल को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है। हालत नॉर्मल होने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। सीआईए-1 की टीम को शाम के समय सूचना मिली कि कर्ण विहार में फायरिंग करने वाला आरोपी स्कूटी पर आर्वधन नहर के किनारे अपने गांव की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा और पुलिस की गाड़ी पर फायर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली उसकी टांग में लगी और वह गिर गया। पुलिस ने मौके पर ही उसे काबू कर लिया और उसके पास से अवैध हथियार बरामद कर लिया। 19 अप्रैल को कर्ण विहार में की थी फायरिंग सीआईए-1 इंचार्ज संदीप कुमार ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी गगन निवासी गांव रांवर है। उसने अपने साथी विशाल के साथ मिलकर 19 अप्रैल की शाम कर्ण विहार इलाके में उज्ज्वल उर्फ मोनू पर फायरिंग की थी। इस वारदात में उज्ज्वल की टांग में कई गोलियां लगी थीं और वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद से ही पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही थी। साथी विशाल पहले कर चुका सरेंडर पुलिस के अनुसार, इस मामले में शामिल दूसरा आरोपी विशाल जनजोतरा निवासी गांव रॉवर पहले ही निसिंग पुलिस के सामने सरेंडर कर चुका है। उसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं गगन के ठीक होने के बाद उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि पूरे मामले की गहराई से पूछताछ की जा सके। क्या था उज्ज्वल फायरिंग का मामला गांव करसिंधू का रहने वाला उज्ज्वल उर्फ मोनू कर्ण विहार में अपने मामा महाबीर के पास रहकर शीशा लगाने का काम करता है। उसने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 19 अप्रैल की शाम वह अपनी एक्टिवा पर हर्ष अस्पताल में अपनी बुआ से मिलने गया था। अस्पताल के पास एक खोखे के पास 2 युवक बाइक पर आए और उसे देखने लगे। जब वह वहां से निकला तो दोनों युवक उसका पीछा करते हुए सेक्टर-6 तक पहुंचे और कई बार उसे रुकने का इशारा किया। करीब 7:30 से 8 बजे के बीच कर्ण विहार गोल्फ लिंक सोहना रोड पर आरोपियों ने उसकी स्कूटी के आगे बाइक लगाकर उसे रोक लिया। एक आरोपी ने उससे लाइटर मांगा। उज्ज्वल ने मना किया और कहा कि वह दुकान से लाकर दे देगा। इसके बाद एक युवक बाइक पर बैठा रहा, जबकि दूसरा उसे सुनसान जगह पर ले गया। वहां उसने मोबाइल में एक फोटो दिखाकर पूछा कि क्या यह वही है। उज्ज्वल के हां कहते ही आरोपी ने पिस्टल निकालकर फायर कर दिया। उज्ज्वल ने हमलावर का हाथ पकड़ने की कोशिश की, लेकिन गोली उसकी टांग में लग गई। इसके बाद आरोपी ने लगातार 4-5 फायर किए, जिनमें कई गोलियां उसकी दाहिनी टांग में लगीं। शोर मचाने पर दोनों आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए बाइक पर फरार हो गए थे। प्योंत टोल फायरिंग में भी शामिल था विशाल पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विशाल जनजोतरा प्योंत टोल प्लाजा पर हुई फायरिंग में भी शामिल था। यह घटना 1 अप्रैल की रात को हुई थी, जब 3 गाड़ियां गलत दिशा से तेज रफ्तार में टोल पर पहुंचीं। आरोपियों ने बैरिकेड्स को टक्कर मारी और फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए थे। इस मामले में थाना निसिंग में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने सीसीटीवी (निगरानी कैमरों) की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की और एक-एक कर गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू की। छठे आरोपी के रूप में विशाल की गिरफ्तारी इस केस में विशाल को छठे आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया गया। उसे न्यायालय में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर अन्य आरोपियों और घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है। पूरे नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में आरोपियों के बीच आपसी रंजिश और आपराधिक गतिविधियों का संबंध सामने आ रहा है। सीआईए-1 और जिला पुलिस मिलकर पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है, ताकि अन्य संदिग्धों को भी जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *