BSC नर्सिंग छात्रा सुसाइड केस में 55 दिन बाद FIR:कानपुर में शादी का झांसा, 15 लाख दहेज मांगने का आरोप

Actionpunjab
3 Min Read




कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में बीएससी नर्सिंग की छात्रा की आत्महत्या के मामले में 55 दिन बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। घाटमपुर निवासी पिता की तहरीर पर आरोपी युवक और उसके परिवार के चार सदस्यों को नामजद करते हुए जांच शुरू कर दी गई है। घाटमपुर निवासी जगजीवन लाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी आराध्या गौतम इंदिरानगर स्थित राजकीय बालिका छात्रावास में रहकर एक निजी नर्सिंग कॉलेज से बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। इस दौरान उसकी पहचान कानपुर देहात निवासी विकास से हुई। दोनों के बीच पिछले करीब दो वर्षों से बातचीत चल रही थी। पिता का आरोप है कि विकास ने शादी का झांसा देकर आराध्या से शारीरिक संबंध बनाए और अपने परिजनों से भी बात कराई। 26 फरवरी 2026 को विकास के परिवार वाले भोगनीपुर से लड़की को देखने कानपुर आए और उसे पसंद भी कर लिया था। 15 लाख दहेज मांगने का आरोप
तहरीर के मुताबिक, लड़की देखने के बाद ही विकास ने फोन पर आराध्या को बताया कि उसके माता-पिता 15 लाख रुपये दहेज मांग रहे हैं और इस रकम के बिना शादी नहीं होगी। विकास ने खुद भी शादी से साफ इंकार कर दिया। शादी टूटने और दहेज की मांग से आराध्या मानसिक तनाव में आ गई। अगले ही दिन, 27 फरवरी को उसने छात्रावास के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इन पर दर्ज हुआ केस
पिता जगजीवन लाल का आरोप है कि युवक विकास, उसके पिता राधाकिशन, भाई सीपू, मां और भाभी ने दहेज की मांग कर शादी से इनकार किया और उनकी बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाया। इसी दबाव में उनकी होनहार बेटी ने अपनी जान दे दी। कल्याणपुर थाना प्रभारी ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर विकास, राधाकिशन, सीपू, मां और भाभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *