फरीदाबाद के सरकारी स्कूल में नाबालिग छात्र से कुकर्म:कक्षा 8 में पढ़ता, क्लास के दो स्टूडेंट बाथरुम में ले गए

Actionpunjab
3 Min Read




फरीदाबाद के सारन थाना क्षेत्र स्थित एक सरकारी स्कूल में एक नाबालिग छात्र के साथ कुकर्म करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पीड़ित छात्र के पिता की शिकायत पर पुलिस ने दो नाबालिग छात्रों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, यह घटना 22 अप्रैल की बताई जा रही है। 12 साल का पीड़ित छात्र आठवीं कक्षा में पढ़ता है। बताया जा रहा है कि स्कूल की छुट्टी होने के बाद जब वह घर जाने के लिए स्कूल से निकल रहा था, तभी उसकी ही क्लास में पढ़ने वाले दो छात्र, जिनकी उम्र करीब 14 से 15 साल के बीच है, उसे बहाने से स्कूल के बाथरूम की ओर ले गए। आरोप है कि वहां उसके साथ कुकर्म किया गया। घर पहुंचा छात्र काफी घबराया हुआ घटना के बाद छात्र काफी घबराया हुआ था और उसने शुरुआत में इस बारे में किसी को कुछ नहीं बताया। अगले दिन भी वह स्कूल जाने से बचता रहा। जब परिवार के लोगों ने उससे स्कूल न जाने का कारण पूछा तो उसने पहले कुछ नहीं बताया, लेकिन जब उससे दोबारा पूछताछ की गई तो उसने पूरी घटना अपने परिजनों को बता दी। यह सुनकर परिवार के लोग चिंतित हो गए और तुरंत छात्र को लेकर सारन थाने पहुंचे, जहां पुलिस को इस पूरे मामले की शिकायत दी गई। पीड़ित के गांव के ही रहने वाले हैं आरोपी बताया जा रहा है कि पीड़ित छात्र अपने परिवार के साथ रहता है। वहीं जिन दो छात्रों पर आरोप लगाए गए हैं, वे भी उसी गांव के रहने वाले हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 24 अप्रैल को दोनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया और आगे की जांच शुरू कर दी। वहीं, जब इस मामले को लेकर स्कूल की प्रिंसिपल से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि यह मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। स्कूल प्रिंसिपल के इस तरह की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं। सारण थाना प्रभारी ब्रह्म प्रकाश ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही पीड़ित छात्र की काउंसलिंग भी करवाई जा रही है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *